हिमाचल : कुर्सी संभालते ही जयराम का कर्मियों, पेंशनरों को तोहफा

By: Dilip Kumar
12/29/2017 7:41:53 AM
नई दिल्ली

प्रदेश में नई सरकार ने काम शुरू करते ही कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ते का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के ढ़ाई लाख कर्मचारियों व पेंशनरों को तीन फीसद महंगाई भत्ता देने का आदेश दिया है। महंगाई भत्ता पहली जुलाई 2017 से दिया जाएगा। इससे प्रदेश के खजाने पर हर साल लगभग 180 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

सचिवालय कर्मचारी संगठनों द्वारा सचिवालय में सम्मान समारोह में जयराम ने कहा कि प्रदेश में वित्त की क्या स्थिति है इसका पता नहीं है क्योंकि अभी मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला ही है, लेकिन कर्मचारियों को जुलाई से तीन फीसद डीए दिया जाएगा। सचिवालय के सभी पाच कर्मचारी संगठनों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों को महंगाई भत्ता जनवरी 2018 के वेतन के साथ नकद देगी, जो पहली फरवरी को देय होगा।

यह तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता पेंशनरों को भी दिया जाएगा। जयराम ने कहा कि सरकार को बनाने और बिगाड़ने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए हर कर्मचारी को सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं और कार्य को बेहतर तरीके से करने की आवश्यकता है। कर्मचारियों को निष्ठापूर्वक व समर्पण की भावना से कार्य करना चाहिए और सरकारी नौकरी को दूसरे दर्जे के तौर पर नहीं समझना चाहिए। सरकारी क्षेत्र में नौकरिया उपलब्ध करवाने के प्रयास रहते हैं, लेकिन हमें सरकारी नौकरियों पर ही निर्भर रहने की मानसिकता को बदलना होगा। मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि राजधानी शिमला को 25 साल बाद मंत्री पद मिला है, जिससे यहां के लोगों की बात को उठाने को मौका मिलेगा। कर्मचारियों का सरकार के लिए सहयोग बहुत जरूरी है।

इससे पहले हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं संघ के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने जयराम की मुख्यमंत्री के पद पर नियुक्ति को नए युग का सूत्रपात करार दिया। इस अवसर पर महासचिव कमल कृष्ण शर्मा, सचिवालय राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन जस्सल, सचिवालय निजी सचिव/निजी सहायक संघ के अध्यक्ष राजेश भारद्वाज, सचिवालय चालक संघ के महासचिव महेन्द्र शर्मा, सचिवालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सघ के अध्यक्ष टेकराम शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने के लिए आभार व्यक्त किया।


comments