मंदिर में हुई पादरियों की 'जबरन घरवापसी',भस्म-कुमकुम लगाया

By: Dilip Kumar
4/28/2018 11:49:05 AM
नई दिल्ली

तमिलनाडु से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है। यह खबर जबरन धर्म परिवर्तन कराने से जुड़ी हुई है। जानकारी के मुताबिक कन्याकुमारी स्थित एक मंदिर में कुछ लोगों ने दो पादरियों का जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि मंदिर परिसर में बैठे दो लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि इन दोनों पादरियों को जमीन पर बैठाया गया है। इसके बाद एक शख्स मंत्रोच्चारण कर रहा है। इतना ही नहीं यह शख्स दोनों पादरियों के माथे पर राख, सिंदूर आदि लगाते हुए भी नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह दोनों शख्स कन्याकुमारी स्थित एक मंदिर में पादरी हैं। दोनों पादरियों को जबरदस्ती मंदिर में लाया गया और फिर धर्म परिवर्तन के दौरान इन्हें मंत्रोच्चारण के लिए भी बाध्य किया गया। इस दौरान इन लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन करा रहा शख्स लगातार भारत माता की जय के नारे भी लगा रहा था। वीडियो में नजर आ रहा है कि इस पूरी घटना के दौरान मंदिर में कुछ और लोग भी मौजूद हैं लेकिन किसी ने भी इसका विरोध नहीं किया है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद यहां ईसाई संप्रदाय के लोगों में गुस्सा व्याप्त है। ईसाई संप्रदाय के लोग इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर वीडियो में जबरन धर्म परिवर्तन कराते नजर आ रहे शख्स के बारे में अभी कुछ भी पता नहीं चल सका है। गंभीर बात यह भी है कि वीडियो में जबरन धर्म परिवर्तन करा रहा शख्स साफ-साफ नजर आ रहा है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक उस तक नहीं पहुंच सके हैंं।

यहां पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शख्स की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। आपको बता दें कि कन्याकुमारी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पोन राधाकृष्णन मौजूदा सांसद हैं और इस वक्त केंद्र में मंत्री भी हैं।


comments