अपने ही ताबूत में कील ठोक रही सरकारःसिन्हा

By: Devendra Gautam
4/28/2018 5:59:13 PM
Ranchi

 

रांची। शहर के लोकप्रिय समाजसेवी और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता अशोक कुमार सिन्हा (प्रेसिडेंट) ने कहा है कि रघुवर सरकार द्वारा आम जनता पर बिजली दर का बोझ बढ़ाया जाना जनविरोधी निर्णय है। राज्य सरकार जनता पर अतरिक्त आर्थिक बोझ लाद कर उन्हे परेशान करने पर आमादा है। श्री सिन्हा ने कहा कि एक तो आम जनता पहले से ही महंगाई से त्रस्त है। ऊपर से बिजली दर में वृद्धि की मार से परेशान हो गई है। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के जनविरोधी निर्णय के कारण राज्य का बंटाधार हो रहा है। सूबे का विकास नहीं, विनाश हो रहा है। राज्य की जनता त्राहिमाम कर रही है। रघुवर सरकार सहित भाजपा के विधायक अपनी तिजोरी भरने में मस्त है। उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधी बेखौफ और नौकरशाही बेलगाम है। प्रशासन और पुलिस का रवैया आम जनता के हित में नहीं है। राज्य में लाठी गोली की सरकार चल रही है। जनहित में जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों को प्रताडित किया जा रहा है। बिजली दर में बेतहाशा वृद्धि से गरीब जनता की कमर तोडने की साजिश की गई है। इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढेगा, वहीं दूसरी तरफ बडे औद्योगिक घरानो को राहत मिलेगी। राज्य सरकार का यह निर्णय अमीरों को और अधिक अमीर और गरीबों को और अधिक गरीब बनाएगा। श्री सिन्हा ने कहा कि रघुवर सरकार के इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किये जाने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों को संगठित होकर व्यापक विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के पतन का समय नजदीक आ गया है। इसीलिए जनविरोधी निर्णय लेकर सरकार अपने ही ताबूत में कील ठोकने की तैयारी कर रही है।


comments