इनेलो कांग्रेस व भाजपा तीनों है एक समान: आप

By: Dilip Kumar
5/16/2018 7:20:19 PM
नई दिल्ली

गुरुग्राम। सर्व कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कंवर लाल यादव व नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान राम सिंह द्वारा आमंत्रित किए जाने पर आम आदमी पार्टी गुरूग्राम जिले के अध्यक्ष सूर्य देव यादव नखरौला ने आभार व्यक्त करते हुए हड़ताल पर बैठे नगर निगम के सफाईकर्मियों व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का काम नौकरी देना है ना की नौकरी छीनना। इसलिए नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों को उनकी नौकरी तुरन्त वापस दी जाए और कच्चे कर्मचारियों को नौकरी पर पक्का किया जाए। एक तरफ भाजपा स्वच्छ अभियान की बात करती है और दूसरी तरफ सफाई कर्मचारियों को बेसिक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जाती है और उन्हें नौकरी पर पक्का भी नहीं किया जाता है।

हरियाणा में पिछली सरकार कांग्रेस की थी। कांग्रेस ने वोट मांगते वक्त अपने चुनावी भाषणों में कर्मचारियों को पक्का करने का वादा तो किया था मगर अपने पूरे कार्यकाल में कर्मचारियों को पक्का नहीं किया। वर्तमान में भाजपा ने भी वोट मांगते वक्त कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था मगर 3 साल से ज्यादा का कार्यकाल बीत जाने के बाद भी अभी तक कर्मचारियों को पक्का नहीं किया गया है। और इन दोनों से पहले इनेलो ने भी अपने चुनावी भाषणों में ऐसा ही किया। यानी इनेलो हो या कांग्रेस हो या भाजपा तीनों ही अपने वादों पर कभी खरी नहीं उतरती है।

सूर्य देव यादव ने ऐलान किया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ के आंदोलन व हक की लड़ाई में आप पार्टी हर तरीके से कर्मचारियों के साथ खडी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की करनी और कथनी में दिन रात का अंतर है। जिला अध्यक्ष सूर्य देव ने बताया कि जब कार्य स्थाई प्रकृति का है तो कर्मचारी भी स्थाई ही होने चाहिए। सफाई का कार्य मनुष्य के पूरे जीवन में जन्म से मृत्यु तक रहता है इसलिए सफाई कर्मचारियों को सीधे पक्की भर्तियों पर ही लिया जाना चाहिए। सूर्य देव यादव ने आरोप लगाया कि सरकार को सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य तक की परवाह नहीं है। उन्हें जीवन रक्षक उपकरण भी मुहैया नहीं करवाए जाते।

आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि सरकार फायर ब्रिगेड में नौकरियों से निकाले गये कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से नौकरी पर वापस ले। सभी कर्मचारियों को कैशलेस मेडिकल फैसिलिटी दी जाए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक समान काम समान वेतन लागू किया जाए। पंजाब के समान वेतन दिया जाये व न्यूनतम वेतन कम से कम 18000/- रुपए प्रतिमाह दिया जाये।

सूर्य देव यादव नखरौला ने कहा कि फायर ब्रिगेड और आपातकालीन विभाग के कर्मचारियों के साथ की जा रही ज्यादती निंदनीय है। अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों के घर व प्रतिष्ठानों की आग बुझाने जाने वाले जांबाज बहादुर कर्मचारियों के पास पक्की नौकरी तक नहीं है। ऐसे में किसी अनहोनी की स्थिति में सरकार अपने हाथ झाड़ लेती है और ये दोहरी मानसिक परेशानी के दौर से गुजरते हैं। परिवार का पेट पालने के लिए इन्हें अपनी जान खतरे में डालनी पड़ती है। ऐसी स्थिति में इन्हें इस बात का भय बना रहता है कि बाद में इनके परिवारों की क्या हालत होगी।

सूर्य देव यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर स्तर पर कर्मचारी संघ की इस लड़ाई में उनके साथ खडी है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी से मंजू सांखला (जिला महिला अध्यक्ष), धीरेन्द डागर (जिला उपाध्यक्ष), डॉक्टर अशोक कुमार मान (डॉक्टर सेल अध्यक्ष), नाहर सिंह (किसान अध्यक्ष), अशोक कुमार खेड़की (ऑटो यूनियन अध्यक्ष), राम गौतम (हल्का उपाध्यक्ष), ग्राम नखरौला से श्रीचंद (सरपंच), सूरजभान (मेंबर), राजेश व सर्व कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कंवरलाल यादव नखरौला, नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान राम सिंह, सफाई कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, उप प्रधान महेश कुमार, प्रदेश महासचिव जरनैल सिंह, राजेंद्र सिंह, जयपाल व फायर ब्रिगेड अस्थाई कर्मचारी यूनियन के साहून खान सहित काफी लोग मौजूद रहे।


comments