नगर निगम गुरूग्राम का विशेष सफाई अभियान लगातार जारी

By: Dilip Kumar
5/19/2018 6:51:50 PM
नई दिल्ली

गुरूग्राम@19 मई। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते गुरूग्राम में नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव के निर्देश पर विशेष सफाई अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत एक ओर जहां शहर के विभिन्न स्थानों पर पड़े कचरे को उठाकर सफाई व्यवस्था को सुचारू करने का कार्य किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पानी की बर्बादी करने वालों, कचरा जलाने वालों तथा सीवरे एवं मलबा सार्वजनिक स्थान पर डालने वालों के चालान किए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव द्वारा जोन वाईज 10-10 टीमों का गठन करके उन्हें ‘राऊंड ओ क्लॉक’ विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। निगमायुक्त के निर्देशों पर वीरवार को रात्रि 10 बजे से विशेष अभियान की शुरूआत की गई, जो लगातार जारी है। अभियान के लिए संयुक्त निगमायुक्तों को उनके जोन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अर्थात जोन-1 के लिए संयुक्त निगमायुक्त मुकेश कुमार, जोन-2 के लिए संयुक्त निगमायुक्त विवेक कालिया, जोन-3 के लिए एडीशनल म्यूनिसिपल कमिशनर वाईएस गुप्ता तथा जोन-4 के लिए संयुक्त निगमायुक्त डा. गौरव अंतिल नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।

निगमायुक्त की टीम ने सीवरेज टैंकरों के खिलाफ की कार्रवाई : निगमायुक्त यशपाल यादव भी चीफ इंजीनियर एनडी वशिष्ठ के साथ शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा करके अभियान की निगरानी की। निगमायुक्त की टीम द्वारा गांव टीकरी के पास बादशाहपुर ड्रेन में सीवरेज वेस्ट डालने वाले 2 टैंकरों को मौके पर पकड़ा गया तथा नियमानुसार उनके चालान किए गए।

नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव के अनुसार इस विशेष सफाई अभियान का उद्देश्य शहर में पड़े हुए कचरे को उठाकर सफाई व्यवस्था को सुचारू करना है, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही जो लोग पेयजल की बर्बादी करते हैं तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जलाकर, मलबा डालकर एवं नालों एवं सीवरों में सीवरेज वेस्ट डालकर पर्यावरण एवं जल प्रदूषण करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसके लिए जोन वाईज अलग-अलग 10-10 टीमों का गठन करके प्रत्येक टीम को 8 घंटे कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने शहरवासियों को आज एक बार फिर आश्वस्त किया कि वे संयम बनाए रखें। नगर निगम इस स्थिति से निपटने के लिए गंभीर है तथा जल्द ही शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।


comments