48 साल में जो नहीं हुआ वो मोदी सरकार ने 48 महीनों में कर दिखाया : राधामोहन सिंह

By: Dilip Kumar
5/19/2018 7:12:08 PM
नई दिल्ली

गुरुग्राम@न्यू पी डब्लू डी रेस्ट हाउस, गुडग़ांव में चल रहे भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन गांव-गांव तक केन्द्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाने को लेकर गहन चिंतन-मनन हुआ। शनिवार के सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विचारक व राज्य सभा सांसद विनय प्रभाकर सहस्त्रबुद्धे ,भारत सरकार के इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, नीति आयोग के राजीव कुमार, ऑर्गेनाइजर के पूर्व संपादक आर बालाशंकर आदि ने संबोधित किया। जबकि अतिथियों का स्वागत भाजपा किसान मोर्चा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष  समय सिंह भाटी ने किया। यह प्रशिक्षण वर्ग रविवार तक तक चलेगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के लिए देश में जो काम 48 साल में एक परिवार की सरकार नहीं कर पायी वो मोदी सरकार ने 48 महीनों में करके दिखा दिया। मोदी सरकार ने देश के सभी भू धारी किसानों को हर दो वर्ष में स्वॉयल हेल्थ कार्ड जारी करने के लिए राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम प्रारंभ किया। अब तक 14 करोड़ स्वॉयल हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। 100 प्रतिशत नीम कोटेड यूरिया का उत्पादन शुरू किया गया। देश के 585 विनयमित थोक मंडियों को ई-प्लेटफॉर्म से जोडऩे के लिए काम शुरू किया गया।

कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने देश में पहली बार देशी नस्लों के संरक्षण व संवर्धन हेतु राष्ट्रीय गोकुल मिशन प्रारंभ किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन आदि मोदी सरकार की योजनाओं से किसानों को काफी लाभ पहुंच रहा है।

विकास के साथ-साथ व्यवस्था में भी आया बदलाव : चौधरी बीरेंद्र सिंह

केन्द्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में किसानों की भलाई के लिए जो काम किए गए वो कांग्रेस के शासन में नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि चार साल में देश में विकास को एक नई गति मिली है। साथ ही देश की व्यवस्था में भी बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य लक्ष्य अंतिम जन तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की इस उपलब्धि को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जन-धन योजना से गरीब से गरीब किसान भी बैंक से सीधे जुड़ गया। नोटबंदी भी एक ऐतिहासिक कदम था। जहां तक 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात है तो जहां ट्यूब वेल कामयाब है वहां किसानों की आमदनी चार गुणा तक बढ़ जाएगी। कृषि के विकास के लिए इस बार साढ़े 25 लाख करोड़ का बजट रखा गया जो 2020-21 में 40 लाख से ज्यादा का होगा। ये सब हुआ जीएसटी  के कारण।

असमान विकास सबसे बड़ी चुनौती : भूपेंद्र यादव

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश में असमान विकास आज सबसे बड़ी चुनौती है। एक समान विकास के लिए हमें आगे भी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में स्थाई, पारदर्शी और भ्रष्ट्राचार मुक्त सरकार लाना होगा। अटल पेंशन योजना, दुर्घटना बीमा योजना एवं आयुष्मान योजना को उन्होंने मोदी सरकार की गरीबों के लिए श्रेष्ठ योजना बताया। वहीं स्वास्थ्य बीमा योजना से साढ़े तीन करोड़ लोगों को लाभ हुआ। आगे मोदी सरकार की योजना 70 हजार गांवों में बिजली पहुंचाना है।

इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष  समय सिंह भाटी , प्रदेश महामंत्री रामफल बूरा, रामपाल यादव, चेतन शर्मा, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संदीप राघव, जिला महामंत्री नरेश नंबरदार बंटी, कर्मचंद यादव, अशोक यादव, अजय यादव, दीपक यादव, अजय सैनी, तिलक राज, अमित राघव, रेणु कौर सैनी, पावनी जायसवाल, मुनेश गोदारा, उषा पांचाल, सुखबीर मलेडऩा, भगवत दयाल, फरीदाबाद आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


comments