जगन्नाथ मंदिर के खजाने की चाबी मिली, कलेक्‍टर ने बताया- भगवान का चमत्‍कार

By: Dilip Kumar
6/16/2018 12:20:31 PM
नई दिल्ली

पुरी के प्रतिष्ठित जगन्नाथ मंदिर के खजाने 'रत्न भंडार' की चाबियां खोने से काफी विवाद हो गया था। अब बुधवार को जिला प्रशासन ने दावा किया है कि चाबियां मिल गई हैं। कलेक्टर अरविंद अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि 'रत्न भंडार की ड्यूप्लिकेट चाबियां' लिखा हुआ लिफाफा उनके ऑफिस के रेकॉर्ड रूम से मिला है। चाबियां खोने के बाद से काफी विवाद हो गया था। मामले में राजनीति भी की जाने लगी थी। यहां तक कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 4 जून को मामले की न्यायिक जांच के आदेश भी दे दिए। मंदिर के मुख्य प्रशासक और आईएएस अधिकारी प्रदीप जेना का 11 जून को ट्रांसफर भी कर दिया गया।

अग्रवाल ने बताया कि सीलबंद लिफाफा बरामद किया गया है। वैसे अभी इस बात की पुष्टि की जानी बाकी है कि ये चाबियां रत्न भंडार की हैं या नहीं। आधिकारिक प्रक्रिया का पालन करने के बाद रत्न भंडार को इन चाबियों से खोला जाएगा। बता दें कि ओडिशा हाई कोर्ट के आदेश के बाद, चार अप्रैल को 16 सदस्यीय एक दल ने रत्न भंडार की स्थिति जानने के लिए इसके दरवाजे 34 साल बाद खोले थे। हालांकि अंदरूनी कक्षों की चाबियां नहीं होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। इसके बाद वे बाहरी कक्षों का ही निरीक्षण करने के बाद लौट आए। इसके बाद कांग्रेस ने चाबियां खोने के मुद्दे पर सरकार को घेरा था।

 

 


comments