विश्व हिन्दू परिषद की अमेरिका को चेतावनी

By: Dilip Kumar
6/16/2018 8:26:23 PM
नई दिल्ली

विश्‍व हिंदू परिषद (विहिप) ने अमेरिकी गुप्‍तचर संस्‍था सीआइए को चेतावनी दे डाली है। सीआइए की आलोचना करते हुए विहिप ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद् व बजरंगदल को उग्रवादी (Militant) धार्मिक संगठन घोषित करना घोर आपत्तिजनक, अपमानजनक तथा तथ्यों से परे है। ये संगठन पूर्ण रूप से देश भक्त हैं और इनकी गतिविधियां राष्ट्र को समर्पित हैं।

विहिप के संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेन्द्र जैन ने कहा कि 60,000 से अधिक एकल विद्यालय तथा एक हजार से अधिक अन्य सेवा कार्य करते हुए विहिप देश के समग्र विकास के लिए समर्पित है। देश हित व हिन्दू हितों के साथ ये संगठन कभी समझौता नहीं करते। इन सब तत्थ्यों की जानकारी सीआइए को न हो, यह संभव नहीं है। इसके बावजूद ये अनर्गल आरोप लगाना किसी निहित स्वार्थ के कारण ही सम्भव है। संभवतः भारत के चर्चों द्वारा लिखे गए पत्र भी इस बृहद षडयंत्र के भाग हैं। ओसामा बिन लादेन को खड़ा करके जिहादी आतंकवादी की आग में विश्व को झोंकने वाला सीआइए किस अधिकार से भारत के देश भक्त संगठन पर टिप्पणी कर सकता है।

 


comments