तीन दिन से थी गायब, अजगर के पेट से निकाला गया

By: Dilip Kumar
6/19/2018 5:10:21 PM

इंडोनेशिया में तीन दिन से लापता एक महिला का शव अजगर के पेट से निकाला गया है। महिला की डेडबॉडी पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं है और शरीर पर पूरे कपड़े भी हैं। 27 फीट के अजगर ने उसे निगल लिया था। महिला के गायब होने के बाद उसकी तलाश करते परिजनों की नजर इस अजगर पर पड़ी थी। इसके बाद इसे गांववालों ने मिलकर काटा। महिला का नाम वा तीबा है और उसकी उम्र 54 साल है। उसे आखिरी बार बीते गुरुवार को माबोलु गांव के मौजूद उनके घर के गार्डन में देखा गया था।

उस दिन रात में और दूसरे दिन सुबह तक जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके दोनों बेटे मां की तलाश में निकल गए। मां की तलाश कर रहे उसके दोनों बेटों को पहले झाड़ियों के पास कुछ संदिग्ध निशान मिले और फिर 30 मीटर की दूरी पर मां की सैंडिल, कुल्हाड़ी और टॉर्च मिला।

इसके पास ही उन्हें एक अजगर बैठा दिखा, जिसका पेट का हिस्सा बहुत भारी और चौड़ा था। ऐसा लग रहा था कि जैसे अजगर ने किसी को पूरा का पूरा निगल लिया हो। सैकड़ों की संख्या में गांव के लोग इक्ट्ठा हो गए। इन्होंने पहले अजगर को जान से मारा और फिर उसे काटकर महिला की डेडबॉडी निकाली।


comments