लगमा की मुखिया बनीं मौसमी रानी,राजकुमारी हरदिया की नई मुखिया

By: Dilip Kumar
7/11/2018 3:12:09 AM
नई दिल्ली

मंगलवार को डुमरा प्रखंड अतंर्गत रिक्त चार पदों को ले हुए पंचायत उप निर्वाचन 2018 की मतगणना संपन्न हो गई। इसमें लगमा पंचायत के मुखिया पद पर मौसमी रानी विजेता रही। बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि लगमा मुखिया पद पर विजेता मौसमी रानी को 2880 मत मिले वहीं निकटतम प्रतिद्वंद्वी गीता कुमारी को 25 सौ मत मिले। इधर, अन्य उम्मीदवारों में हीरा देवी को 561, रीना देवी को 56, अर्चना देवी को 31, मंजू देवी को 50 व सुदामा देवी को महज 30 मत से संतोष करना पड़ा।

वहीं कुम्हरा विशनपुर पंचायत समिति सदस्य पद पर अशोक कुमार पटेल 896 मत पाकर विजेता रहे। प्रतिद्वंद्वी रविशंकर कुमार यादव को 843 व मनोज कुमार को 819 मत मिले। भूमभैरो पंचायत के वार्ड संख्या चार में अरामानी खातुन 205 मत पाकर विजेता रही। वहीं प्रतिद्वंद्वी पूनम देवी को 134 एवं नसीमा खातून को 47 मत मिले तथा खैरवा पंचायत के वार्ड 11 में बबीता देवी 230 मत पाकर वार्ड सदस्य पर विजेता घोषित हुई। वहीं प्रतिद्वंद्वी अली अकबर को 194, देवेंद्र राउत को 79 व मो. तवारख को महज चार मत ही मिल सके। कुमार ने बताया कि सभी विजेता उम्मीदवार को प्रमाण-पत्र हस्तगत कर दिए गए।

पंचायत समिति सदस्य पद के लिए हुए भगवानपुर पंचायत में उप चुनाव की मतगणना मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। इसमें वीरेंद्र राय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कृष्ण यादव को 564 मतों से पराजित कर दिया। वीरेंद्र राय को कुल 1397 तो दूसरे स्थान पर कृष्ण यादव को 833 मत प्राप्त हुए। वहीं सुरेंद्र यादव को 69 मत से ही संतोष करना पड़ा। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ राहुल कुमार ने बताया कि कुल 2299 मतदाताओं ने मत डाले थे।

मौके पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रासिक अली, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, आपूर्ति पदाधिकारी विकास रंजन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी मुनेश्वर प्रसाद सिंह के अलावा दंडाधिकारी के रूप में सीओ ललित कुमार सिंह मौजूद थे।


comments