छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलराम दास टंडन का निधन

By: Dilip Kumar
8/14/2018 6:38:26 PM
नई दिल्ली

 छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलराम दास टंडन अब हमारे बीच नहीं रहे। मंगलवार दोपहर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। मंगलवार की सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी देख-रेख में लगी हुई थी। लेकिन हालात ज्यादा खराब होने के कारण दोपहर करीब सवा दो बजे उनका निधन हो गया।

राज्यपाल के निधन की खबर लगते ही आंबेडकर अस्पताल में लोगों का तांता लग गया है। उनकी बीमारी के बारे में जानने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित कई मंत्री, नेता और अफसर आंबेडकर अस्पताल में मौजूद थे। जनसंघ के संस्थापक सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे टंडन ने 18 जुलाई 2014 को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल का पद संभाला था। उनका अंतिम संस्कार पंजाब में उनके गृहग्राम में किया जाएगा।

गौरतलब है कि अपने लंबे राजनीतिक करियर में टंडन पंजाब के उप मुख्यमंत्री सहित विभिन्न पदों पर रहे। छह बार विधायक रहे टंडन आपातकाल के दौरान 1975 से 1977 तक जेल में भी रहे। उन्होंने 1977-79 में और 1997-2002 में प्रकाश सिंह बादल की अध्यक्षता में मंत्रालयों में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया है।


comments