आंख में पीले धब्बे हो सकते हैं डिमेंशिया की निशानी

By: Dilip Kumar
5/29/2018 4:11:27 AM
नई दिल्ली

क्या आपकी आंखों में पीले धब्बे दिखाई पड़ते हैं? तो सावधान हो जाएं। यह डिमेंशिया की प्रारंभिक निशानी हो सकती है। डिमेंशिया मानसिक बीमारी है। इसमें व्यक्ति की याददाश्त कमजोर हो जाती है। इस रोग का सबसे आम प्रकार अल्जाइमर है। शोधकर्ताओं के अनुसार, इस तरह के धब्बे फैट और कैल्सियम के जमा होने से बनते हैं।

इससे रेटिना के नीचे एक परत बन जाती है जिसको जांच के जरिये देखा जा सकता है। ये धब्बे आमतौर पर बुढ़ापे की निशानी और नुकसानरहित माने जाते हैं। जबकि निष्कर्षो से पता चला कि सामान्य लोगों की तुलना में 25 फीसद अल्जाइमर पीड़ितों में पीले धब्बे ज्यादा पाए जाते हैं। उत्तरी आयरलैंड की बेलफेस्ट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता इमरे लेंग्येल ने कहा, ‘हमने अल्जाइमर रोग से इस तरह के धब्बे का जुड़ाव पाया है। इस तरह के रोग का आंख के जरिये पता लगाना मुश्किल है लेकिन इसकी गंभीरता पर नजर रखने में मदद मिल सकती है।’


comments