इसरो की लीथियम ऑयन बैटरी से दौड़ेंगे वाहन

By: Dilip Kumar
5/29/2018 5:39:28 PM
नई दिल्ली

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) लीथियम ऑयन बैटरी तैयार कर रहा है। इनका उपयोग वाहनों में किया जा सकेगा। जिससे पेट्रोल-डीजल जैसे पारंपरिक ईंधन की खपत में कमी आएगी और प्रदूषण पर नियंत्रण भी किया जा सकेगा। इसरो के अध्यक्ष डॉ.के.सिवन ने मुंबई में दैनिक जागरण से बात करते हुए कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इन दिनों ह्यमेक इन इंडियाह्ण मुहिम के तहत कई जनोपयोगी अनुसंधान कर रहा है। इनमें से एक है लीथियम ऑयन बैटरी। जल्दी ही तैयार होने वाली इस बैटरी का उपयोग वाहनों को चलाने के लिए किया जा सकेगा। ये बैटरियां सौर ऊर्जा से चार्ज की जा सकेंगी।

सिवन के मुताबिक भारत में अभी विदेशों से आनेवाली जिस लीथियम ऑयन बैटरी की कीमत लगभग 150 अमरीकी डॉलर पड़ती है, इसरो द्वारा तैयार उसी बैटरी का भारत में औद्योगिक उत्पादन होने के बाद यह बैटरी सिर्फ 900 से 1000 रुपए की पड़ेगी। इससे ईंधन का खर्च कम होने के साथ-साथ प्रदूषण पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा। बता दें कि भारत के दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे महानगर प्रदूषण से बुरी तरह जूझ रहे हैं। प्रदूषण कम करने के लिए बैटरीचालित वाहनों का प्रयोग शुरू हुआ है। लेकिन ये बैटरियां एक बार चार्ज होने के बाद अधिक दूरी तय नहीं कर पातीं, साथ ही इनकी भारवहन क्षमता भी कम होती है।


comments