नेपाल के पूर्व राजा ने मत्सरी के दुर्गा मंदिर में की पूजा-अर्चना

By: Dilip Kumar
5/29/2018 5:57:36 PM
नई दिल्ली

नेपाल के पूर्व राजा ज्ञानेन्द्र शाह ने मध्य तराई के विभिन्न मठ-मंदिरों में पूजा-अर्चना के क्रम में रौतहट मत्सरी के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-पाठ की। उनके मंदिर में पूजा करने के लिए आने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुटे थे। पूर्व राजा जब मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे तब स्थानीय कुछ राजवादी समर्थकों ने राजा के समर्थन में नारेबाजी की। पूर्व राजा शाह करीब 25 मिनट तक पूजा अर्चना की।

मौके पर मंदिर समिति की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। पूजा अर्चना के बाद दुर्गा मंदिर पूजा समिति द्वारा तैयार अभिनंदन पत्र मत्सरी के मनोज झा व शिक्षाविद रूद्रनारायण झा ने पढ़ा और उसे पूर्व राजा को सौंपा। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मंदिर में आने पर स्थानीय लोगों के स्नेह व स्वागत से काफी खुश हैं।

उन्होंने कहा कि नया पार्टी बनाने का कोई इरादा नहीं है। दुर्गा मंदिर मत्सरी का पूजा व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष विनय कुमार झा ने बताया कि पूर्व राजा को देखने के लिए मत्सरी व आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भव्य दुर्गा मंदिर में वर्ष में दो विशेष पूजा के अलावा तीन सौ पैंसठ दिन पूजा होती है।


comments