लंबी छलांग के लिए दो कदम पीछे हटना पड़ता है: राजनाथ

By: Dilip Kumar
6/1/2018 2:20:19 AM
नई दिल्ली

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने उपचुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन पर कहा कि लंबी छलांग लगाने के लिए आपको दो कदम पीछे हटना पड़ेगा। हम भविष्य में लंबी छलांग लगाएंगे। इस पर गुरुवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा, ''पता नहीं ये लोग कितने कदम पीछे जाने वाले हैं।’’ बता दें कि पालघर लोकसभा सीट उपचुनाव में भाजपा-शिवसेना आमने-सामने थीं। यहां शिवसेना को हार मिली है। गुरुवार को सामने आए 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों के नतीजों में भाजपा को सिर्फ 1-1 सीट पर जीत मिली।
राजनाथ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 4 साल में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा, "देश की तरक्की देखकर दुनिया का नजरिया बदल गया है। हम दुनिया की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। इस वित्तीय साल में पांचवें नंबर पर आ जाएंगे। जीडीपी ग्रोथ रेट में भी अब सुधार हुआ है। पिछले चार साल में जो विकास हुआ, वो कांग्रेस के 60 साल में नहीं हुआ।

गृह मंत्री ने कहा, "31 दिसम्बर तक घर-घर बिजली पहुंचाई जाएगी। प्रधानमंत्री और सरकार के कामकाज पर नीयत पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। हमारे विरोधी तो कहेंगे ही कि बहुत कम काम हुआ। हम ये दावा नहीं करते कि भ्रष्टाचार जड़ से ख़त्म हो गया है, लेकिन बिचौलियों पर लगाम लगी है। डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर स्कीम के तहत 4 साल में 70 हजार करोड़ रुपए बचाए हैं। इस स्कीम से 350 हजार करोड़ रुपए सीधे खातों में ट्रांसफर होता है।"राजनाथ ने कहा, 'देश में नक्सलवाद सिमट गया है। कांग्रेस सरकार के समय यह देश के 135 जिलों में था, जो सिमटकर 50-60 जिलों में रह गया है। पाकिस्तान समर्थक आतंकवाद पर भी नकेल कसी है। पठानकोट और गुरुदासपुर हमलों को छोड़ दें तो कोई बड़ा हमला हमारी सरकार में नहीं हुआ।'

किसान आंदोलन पर गृह मंत्री ने कहा, ''चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस शिगूफा छोड़ती है, जिससे जनता का ध्यान भटकाया जा सके। चाहे भट्टा परसौल आंदोलन हो या मंदसौर किसान आंदोलन। कांग्रेस का रवैया ऐसा ही रहा है।'' बता दें कि पिछले साल मंदसौर में किसान आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से 6 किसानों की मौत हो गई थी। तब कांग्रेस ने शिवराज और मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया था।


comments