पाकिस्तान की गोलाबारी में दो जवान शहीद, महिला सहित 12 घायल

By: Dilip Kumar
6/3/2018 6:01:34 PM
नई दिल्ली

सीमा पर फिर नापाक चेहरा दिखाते हुए पाकिस्तान ने फिर भारी गोलाबारी कर सीमा सुरक्षा बल के सहायक सब इंस्पेक्टर समेत तो सीमा प्रहरियों को शहीद कर दिया। देर रात से जारी इस गोलाबारी में अब तक महिला समेत 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। पाकिस्तान की ओर से परगवाल, झिड़ी कानाचक्क, शामा चक्क इलाकों में सीमांत 10 चौकियों व 35 के करीबाें गांवों काे निशाना बनाकर गोले दागे जा रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल की ओर से पाकिस्तान की गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया जा रहा है।

पाकिस्तान ने भारी गोलाबारी कर अखनूर के परगवाल में सहायक सब इंस्पेक्टर एसएन यादव व कांस्टेबल बीके पांडे को शहीद कर दिया। गोलाबारी में एक महिला सुलक्षणा देवी, तेरह वर्षीय कशोर समेत 12 नागरिक भी घायल हैं। जम्मू के मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाए गए नौ घायलों में सुलक्षणा देवी, पत्नी रंजीत सिंह निवासी परगवाल, बलविन्द्र सिंह पुत्र बुआ दित्ता , निवासी परगवाल, राजेन्द्र सिंह पुत्र साइं सिंह निवासी शामा चक्क, पूजा पत्नी ब्रह़मदत्त निवासी पौनी चक्क, पुलिस कर्मी मोहम्मद जाकिर पुत्र मोहम्मद आलम निवसाी रख बन दरहाल राजौरी, बिक्रम सिंह पुत्र रत्न सिंह निवासी शामा चक्क, काका राम पुत्र राम दास निवासी कानाचक्क, विशाल कुमार पुत्र गारू राम निवासी झिड़ी व तेरह वर्षीय अभी पुत्र राम लाल, निवासी पखियां के रूप में हुई है। वहीं कानाचक्क के सुधाकर सिंह को वहीं पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर में भर्ती करवाया गया है।

इसी बीच, पाकिस्तान की भारी गोलाबारी से जम्मू संभाग में कठुआ, सांबा व जम्मू जिलों में दो सौ किलोमीटर सीमा से सटे सीमांत इलाकों में भारी दहशत है। कई इलाकों में आधी रात से ही पलायन शुरू हो गया था। सुबह ग्यारह बजे के बाद पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी कुछ कम हो गई। इसके सीमांत क्षेत्रों में लोगों के घरों को नुकसान होने के ससाथ माल मवेशी भी घायल हुए हैं। सीमा पर भारी खूनखराबे के बाद ग्यारह दिन की चुप्पी को तोड़ते हुए पाकिस्तान ने शनिवार देर रात 2:15 बजे जम्मू जिले के अखनूर के परगवाल इलाके मे सीमा सुरक्षा बल के जवानों को स्नाइपर फायर से निशाना बनाया। इसके बाद सीमा पार से मोटार फायर शुरू हो गया, सीमा प्रहरी भी इस गोलाबारी का कड़ा जवाब देने लगे। पाकिस्तान की गोलाबारी में सहायक सब इंस्पेक्टर एस एन यादव व कांस्टेबल बी के पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।


comments