मंगल ग्रह पर जीवन होने के मजबूत संकेत

By: Dilip Kumar
6/9/2018 5:04:24 PM
नई दिल्ली

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल की तीन अरब साल पुरानी चट्टानों में कार्बनिक अणुओं की खोज की है। इन अणुओं ने लाल ग्रह पर कभी जीवन होने के मजबूत संकेत दिए हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि नई खोज के बाद लग रहा है जैसे खुद मंगल हमसे वहां पर जीवन की तलाश जारी रखने के लिए कह रहा है। नासा के वैज्ञानिक पॉल महाफी का कहना है, ‘अणुओं का मिलना बहुत ही रोमांचक है। अभी हालांकि यह नहीं पता चला है कि ये किस तरह बने थे?

कार्बनिक अणु आमतौर पर जैविक क्रिया से ही बनते हैं और इनमें ऑक्सीजन व कार्बन समेत कई पदार्थ मौजूद होते हैं। इसी वजह से इनका मिलना लाल ग्रह पर जीवन का संकेत हो सकता है। लेकिन यह भी संभव है कि ये अणु किसी उल्का पिंड या अन्य स्नोत से मंगल पर पहुंचे हों।’ इन अणुओं के गैर जैविक तरीके से बनने की संभावना के बावजूद वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस तरह के अणु मंगल के सूक्ष्मजीवों का आहार रहे होंगे।

नासा के गोडार्ड स्पेस सेंटर की वैज्ञानिक जेनिफर इगेनब्रॉड ने उम्मीद जताई है कि अरबों साल पुराने कार्बनिक अणुओं के मिलने से मंगल पर जीवन की खोज में सहायता मिलेगी। वर्तमान में पृथ्वी के इस पड़ोसी ग्रह का वातावरण जीवन की उत्पत्ति के लिए लायक नहीं है।


comments