मोदी सरकार किसानों की हितैषी: सांसद बुलंदशहर

By: Dilip Kumar
10/12/2018 8:27:12 PM
नई दिल्ली

बुलंदशहर@रविंद्र कुमार शर्मा। कृषि विभाग के तत्तवाधान में राजकीय कृषि विद्यालय के परिसर में रबी गोष्ठी के आयोजन के अवसर पर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि मेले का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन सांसद डॉ0 भोला सिंह एवं जिलाधिकारी अनुज कुमार झा द्वारा किया गया। उद्घाटन के उपरान्त कृषि विभाग से जुड़े विभिन्न विभागों एवं निजी संस्थानों द्वारा आयोजित मेले में कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं, उत्पादन एवं कृषि यंत्रों के स्टॉलों का उनके द्वारा निरीक्षण करते हुए मेले में किसानों को दी गई जानकारियों पर संतोष व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर परिसर में आयोजित रबी गोष्ठी एवं फसल अवशेष न जलाये जाने हेतु जागरूकता अभियान का शुभारंभ डॉ0 भोला सिंह सांसद एवं विधायक अनिल शर्मा, देवेन्द्र सिंह लोधी एवं जिलाधिकारी अनुज कुमार झा द्वारा द्वीप प्रज्जवलित करते हुए किया गया। गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले हजारों किसानों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ भोला सिंह ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि एवं प्राथमिकता पर लेते हुए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की आय दुगुनी करने के लिए विभिन्न प्रकार की किसान हित योजनायें संचालित की गई है, निश्चित रूप से किसानों की आय दुगुनी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को अनुदान पर बीज, खाद, कृषि यंत्र एवं अन्य प्रकार की सुविधायें प्रदान कर रही है। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा सुझाये गये उपायों को अपनाते हुए अपनी आय में वृद्धि करें जिससे हमारे देश एवं प्रदेश का विकास संभव हो सके।

उन्होंने कहा कि किसान हमारे देश का अन्नदाता है और अन्नदाता को किसी भी रूप में पीडि़त नहीं रहने दिया जायेगा। गोष्ठी में किसानों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि जिले के किसानों ने उत्पादन के क्षेत्र में अपना परचम लहराया है और आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह परचम भविष्य में भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जनपद में बीज सभी सरकारी गोदामों अनुदान पर उपलब्ध है। जिन किसानों का पंजीकरण नहीं हुआ है वह हाथों-हाथ सरकारी गोदामों पर जाकर पंजीकरण कराते हुए अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते है।

फसल के लिए सिंचाई हेतु पानी की व्यवस्था करते हुए टेल तक पानी पहुंचाने की सुनिश्चितता के लिए सिंचाई विभाग द्वारा नहरों की सफाई का कार्य अतिशीघ्र प्रारम्भ होने वाला है। नहरों की सफाई से पूर्व एवं सफाई के उपरान्त सफाई कार्य का सत्यापन के लिए वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी करायी जायेगी। नहरों की सफाई के उपरान्त प्रत्येक किसान को सिंचाई के लिए पानी मिले यह निर्देश उनके द्वारा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिये जा चुके है। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को यह भी निर्देश दिये कि स्याना क्षेत्र में किसानों के लिए अलग से गोष्ठियों का आयोजन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि फसलों का अवशेष किसी भी रूप में जलाया नहीं जाये। उन्होंने कहा कि अवशेष जलाये जाने पर प्रदूषण बढ़ता है और पूरा वायुमण्डल जहरीला होने के कारण क्षति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि भावीपीढ़ी के जीवन एवं उनके हितों को सुरक्षित करने के लिए प्रदूषण से मुक्त वातावरण तैयार करें। फसल अवशेष का प्रबन्धन करते हुए बार्योफर्टीलाइजर के रूप में उसको परिवर्तित कर उसका उपयोग खेती में करें।

उन्होंने सरकार की अन्य महत्त्वपूर्ण योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर विधायक अनिल शर्मा एवं देवेन्द्र सिंह लोधी द्वारा गोष्ठी में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के एजेण्डा में प्रदेश का किसान सर्वप्रथम है। किसानों के लिए सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनायें संचालित की हैं। किसान इन योजनाओं का भरपूर लाभ उठायें और अपनी कृषि उत्पादन की क्षमता में वृद्धि करते हुए आर्थिक स्थिति मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि किसानों के विकास से ही प्रदेश का विकास संभव हो सकेगा। इस मौके पर उप निदेशक कृषि प्रसार आर0के0 चैधरी एवं जिला कृषि अधिकारी ए0के0 सिंह एवं भूमि संरक्षण अधिकारी घनश्याम द्वारा भी उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की जागरूकता के लिए एक विशाल मेले का आयोजन किया गया है। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा जो विचार उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रस्तुत किये गये है उनको अपनाते हुए अपनी आय में वृद्धि करें। गोष्ठी में किसानों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये और विभिन्न योजनाओं की जानकारी अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों से प्राप्त की।

इस मौके पर जनपद के 15 प्रगतिशील किसानों को 2 किलो सरसों के बीज का वितरण किया गया। 2 किसानों को पावर स्प्रे मशीन 50 प्रतिशत अनुदान पर एवं 4 किसानों को बॉयोपेस्टी टाइड 75 प्रतिशत अनुदान पर वितरित की गई। गोष्ठी में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी सर्वेश चन्द्र सहित कृषि, सिंचाई, अल्पसिंचाई, पंचायतीराज, जल निगम, विद्युत, गन्ना, मत्स्य, उद्यान विभागों सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन...  कृषि मेले का उद्घाटन करते हुए सांसद डॉ0 भोला सिंह एवं जिलाधिकारी


comments