ठंड की दस्तक, हिमाचल में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

By: Dilip Kumar
10/13/2018 12:50:20 AM
नई दिल्ली

हिमाचल में वीरवार को मौसम के अचानक करवट बदलने से सर्दी ने दस्तक दे दी। प्रदेश में चोटियों पर बर्फबारी हुई। कई निचले क्षेत्रों में बारिश व तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। रोहतांग दर्रे में एक फीट से अधिक बर्फबारी हुई। इस कारण रोहतांग व मनाली-केलंग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। लेह मार्ग को प्रशासन ने पहले ही बंद कर दिया है। वीरवार को पर्यटकों को गुलाबा से आगे नहीं जाने दिया गया।

लाहुल स्पीति में भी बर्फबारी हुई। चंबा जिला के निचले क्षेत्रों में भारी बारिश व ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हुआ। बर्फबारी से साच पास मार्ग भी बंद हो गया। भरमौर क्षेत्र में तीन दिन से सुबह लगातार बारिश हुई। वीरवार सुबह भी क्षेत्र में भारी बारिश व बर्फबारी हुई। कांगड़ा जिले में धौलाधार की पहाड़ियों पर बर्फबारी होने से क्षेत्र में शीतलहर बढ़ गई है।

राजधानी शिमला में कई क्षेत्रों में बारिश हुई। प्रदेश में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में ही नवंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है। लोगों को खासकर सुबह-शाम ठंड का सामना करना पड़ रहा है। चंबा जिले की चुराह घाटी की आठ पंचायतों में बर्फबारी से मटर की फसल तबाह हो गई है। मानसून के विदा होने के बाद शिमला जिला में ग्रामीणों ने घास की कटाई और किसानों ने फसल कटाई का काम शुरू कर दिया था। मौसम बदलने से किसान व ग्रामीण चिंतित हैं क्योंकि बारिश होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।


comments