दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति नजरिया बदलने की जरुरत : दीपा मलिक

By: Dilip Kumar
10/17/2018 8:11:53 PM
नई दिल्ली

अक्सर दिव्यांगों को लोग एक अलग नजर से देखते हैं। दिव्यांगों में हिम्मत और हौंसला बहुत होता है। उन्हें किसी से कम करके नहीं आंका जाना चाहिए। हमें उनके प्रति अपना नजरिया बदलने की जरुरत है। यह विचार अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त दिव्यांग खिलाड़ी दीपा मलिक ने मानव आवाज द्वारा उनके 2018 एशियाई खेलों में 2 कांस्य पदक जीतने के उपलक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में व्यक्त किए। दीपा मलिक ने 23 अंतर्राष्ट्रीय खेल पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने आगे कहा कि अभी वह रुकना नहीं चाहती। हालाॅकि लोग सलाह देते हैं कि अब बहुत हो गया, लेकिन खुद में अभी वह कुछ और करने की प्रेरणा पाले हुए है।

पदमश्री तथा अर्जुन अवार्ड से सम्मानित दीपा मलिक लगातार तीन एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पैरा खिलाड़ी बन गई है। उनके साथ गुरुग्राम के दिव्यांग खिलाड़ी देवर्षि जो 2018 एशियाई पैरा गैम्स में पांचवें स्थान पर रहे को भी स्वागत समारोह में सम्मानित किया गया। देवर्षि की मां तथा कोच कल्याणी सचान ने कहा कि वह कड़ी परिश्रम के साथ अपने बेटे की खेल प्रतिभा तराशने में जुटी है और उनका लक्ष्य है कि देवर्षि आगे चलकर अंतर्राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीत कर देश का नाम रोशन करे।

इस अवसर पर बोलते हुए मानव आवाज के संयोजक एडवोकेट अभय जैन ने कहा कि विषम परिस्थतियों से जूझते हुए कैसे जीत हासिल करनी है, इसका जीता जागता उदाहरण दीपा मलिक है। वह हम सबके लिए न केवल एक रोल माॅडल है अपितु प्रेरणा का स्त्रोत है। मानव आवाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गुरुग्राम की अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह भेंट कर और माला, शाल पहनाकर दीपा मलिक का स्वागत किया।

इनमें गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष जे एन मंगला तथा सचिव दीपक मैनी, रोटरी क्लब से विनय अग्रवाल, श्री दुर्गा रामलीला कमेटी से बनवारी लाल सैनी, सदर बाजार व्यापारी वर्ग से देवेन्द्र जैन एवं अजय गोयल, दिगम्बर जैन मन्दिर के प्रधान पुष्पचन्द जैन, लाडली फाउंडेशन से रविन्द्र बजाज, महावीर इंटरनेशनल से टी सी जैन, कमला इंटरनेशनल स्कूल से राकेश गुप्ता, पटेल नगर आर डब्ल्यू ए से अनिल यादव, मानव आवाज से संजय जैन, अशोक गुप्ता, उमेश जैन, मनोज जैन, मनीष वर्मा, नरेन्द्र गुप्ता, एडवोकेट कमल शर्मा थे। स्वागत समारोह में जिला खेल अधिकारी परश राम तथा जिले के सभी कोच तथा गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।


comments