यूपी पुलिस में अगले महीने से बंपर भर्तियां

By: Dilip Kumar
10/18/2018 1:59:53 PM
नई दिल्ली

योगी आदित्यनाथ सरकार पुलिस में सिपाहियों की भर्ती करने जा रही है। भर्ती प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू होगी।  प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि प्रदेश में तीन चरण में होने वाली 56,808 सिपाहियों की भर्ती का अंतिम परिणाम जून 2019 के तीसरे हफ्ते में आ जाएगा। 56,808 पद में 51,216 सिपाही, 3668 जेल वार्डन और 1924 फायरमैन भर्ती होंगे। योगी आदित्यनाथ सरकार ने करीब एक लाख सिपाहियों की भर्ती का रास्ता साफ कर दिया है। इससे पहले भी इस वर्ष की शुरूआत से 41,250 सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया चल    रही है।

प्रदेश के गृह सचिव अरविंद कुमार और डीजीपी ओपी सिंह ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि भर्ती परीक्षा चार व पांच जनवरी 2019 को होगी। इस भर्ती परीक्षा का परिणाम जून के तीसरे हफ्ते में आ जाएगा। भर्ती में आरक्षण के नियम लागू होंगे। इसमें सिविल पुलिस में 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि फायरमैन के 1924 पदों पर भर्ती के लिए 5 नवंबर को विज्ञापन जारी किया जाएगा।

जुलाई में परीक्षा का फाइनल रिजल्ट आएगा। कारागार विभाग में 3638 वार्डन पद पर भर्ती होगी। इसी में 280 पदों पर घुड़सवार पुलिस में भर्ती होगी। प्रमुख सचिव ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में सिर्फ सिर्फ लिखित परीक्षा होगी। इंटरव्यू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जाएगी। इस बड़ी परीक्षा के दौरान मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए एसटीएफ भी भर्ती परीक्षा पर नजर रखेगी।


comments