जम्मू में भाजपा का बनेगा मेयर-डिप्टी मेयर

By: Dilip Kumar
10/20/2018 7:54:32 PM
नई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर निकाय चुनावों में जम्मू नगर निगम में भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। यह स्पष्ट हो गया है कि जम्मू शहर का मेयर और डिप्टी मेयर के दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा होगा। भाजपा ने 75 वार्डों वाली नगर निगम में सर्वाधिक 43 सीटें हासिल की हैं। वहीं दूसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार रहे हैं। इन्होंने यहां 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि तीसरा स्थान हासिल करने वाली कांग्रेस पार्टी ने 14 सीटें हासिल की हैं।

जम्मू संभाग की तरह कश्मीर आैर लददाख में भाजपा अपना दबदबा कायम नहीं कर पाइ। यहां कांग्रेस ने कर्इ निकायों पर क्लीन स्वीप किया। उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा में भाजपा के जिला प्रधान वसीम वारी जो वार्ड नंबर 11 से चुनाव लड़ रहे थे, कांग्रेस उम्मीदवार जफ्फर उल्ला खान से हार गए हैं। गांदरबल म्यूनिसिपल कमेटी के 17 वार्डों में से 13 पर निर्दलीय जीते हैं जबकि दो वार्डों में भाजपा व दो में कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपनी जीत दर्ज करवाई है।

अनंतनाग में भी कांग्रेस का दबदबा रहा यहां की 25 सीटों में से 20 सीटों पर काग्रेस ने जीत हासिल की है। जिला बांडीपोरा के सुंबल म्यूनिसपल कमेटी की 13 सीटों में से आठ सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती जबकि अन्य पांच पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। सज्जाद गनी लोन की पार्टी पीपुल्स कांफ्रेंस ने हंदवाड़ा म्यूनिसिपल कमेटी की सभी 13 सीटों पर जीत दर्ज की है। हंदवाड़ा में भाजपा ने कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था।

गांदरबल में निर्दलीय उम्मीदवार हावी रहे। यहां की 17 वार्डों में 13 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इसके अलावा दो सीटों पर कांग्रेस और दो पर भाजपा के उम्मीदवार जीते। बारामुला की 21 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा के खाते में छह जबकि तीन पर निर्दलीय उम्मीवार ने जीत हासिल की।


comments