त्रिपाठी संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण एजेंसी के सहायक महासचिव नियुक्त

By: Dilip Kumar
8/28/2018 3:07:12 PM
नई दिल्ली

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने जाने माने भारतीय विकास अर्थशास्त्री और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी सत्या एस त्रिपाठी को संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के न्यूयार्क कार्यालय का प्रमुख और एजेंसी का सहायक महासचिव नियुक्त किया है.
त्रिपाठी, त्रिनिदाद और टोबैगो के इलियट हैरिस का स्थान लेंगे. वह 2017 से यूएनईपी के सतत विकास के 2030 एजेंडे पर वरिष्ठ सलाहकार के रूप में तैनात थे.

महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कल यहां संवाददाताओं को बताया कि विकास अर्थशास्त्री और वकील के रूप में 35 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले त्रिपाठी 1998 से संयुक्त राष्ट्र से जुड़े हुये हैं और वह यूरोप, एशिया और अफ्रीका में सतत विकास, मानवाधिकारों, लोकतांत्रिक प्रशासन और कानूनी मामलों में रणनीतिक कार्यों में शामिल रहे हैं.

त्रिपाठी ने वाणिज्य में स्नातक और परास्नातक एवं भारत के बरहामपुर विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक और परास्नातक किया है. संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम इस वैश्विक संस्था की प्रमुख एजेंसी है जो पर्यावरण के लिए काम करती है. यह दुनियाभर में सरकारों, निजी क्षेत्र, नागरिक समाजों और संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अन्य संगठनों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिल कर काम करती है.


comments