राहुल ने कहा- हमारा काम प्रधानमंत्री के झूठ को पकड़ना

By: Dilip Kumar
8/30/2018 9:10:15 PM
नई दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को राफेल डील पर सरकार को घेरने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘‘जो हवाई जहाज 520 करोड़ रुपए में मिल सकता है, उसके लिए आपने 1600 करोड़ रुपए की डील की। ये किसे फायदा पहुंचाने के लिए हुआ? देश जानना चाहता है कि अनिल अंबानी और मोदी जी ने क्या डील की है?’’ उधर, भाजपा ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल तीन साल से तोते की तरह रटी स्क्रिप्ट ही पढ़ रहे हैं, इसमें कुछ भी नया नहीं। नोटबंदी में गांधी परिवार को हुए नुकसान के चलते ही राहुल खून के आंसू रो रहे हैं।

राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-फ्रांस के संयुक्त बयान की कॉपी भी लहराई। उन्हाेंने कहा, ‘‘संयुक्त बयान में लिखा है कि राफेल विमान में कन्फिगरेशन वही होगा। लेकिन आज सरकार कुछ और बात कर रही है। झूठ बोला जा रहा है। प्रधानमंत्री ने खुद कहा कि एयरक्राफ्ट अलग होगा। लेकिन संयुक्त बयान कहता है कि विमान तो वही होगा जो पहले तय होगा। अनिल अंबानी ने हवाई जहाज कभी नहीं बनाया। वे 45 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में है। दूसरी तरफ एचएएल है जो 70 साल से हवाई जहाज बना रही है। हजारों इंजीनियर हैं उसके जो काम करना चाहते हैं।’’

जेटली ने कहा था- सौदे में फर्क है : राहुल ने एयरक्राफ्ट के कन्फिगरेशन की बात वित्त मंत्री अरुण जेटली के एक दावे के संदर्भ में कही। जेटली ने एक दिन पहले ही कहा था, ‘‘हमने 2007 के राफेल समझौते को बदलकर नया सौदा किया। इसके मुताबिक, हमने हथियारों से लैस एयरक्राफ्ट का सौदा किया। इसके आधार पर बेसिक एयरक्राफ्ट की कीमत में 9% और हथियारों से लैस एयरक्राफ्ट की कीमत में 20% की कमी हुई है।’’

प्रधानमंत्रीजी ने 15 लाख रुपए का वायदा किया। उन्होंने किसानों को फसल का सही दाम देने का वायदा किया। जो प्रधानमंत्री कहते हैं, उसे हम गंभीरता से नहीं लेते। लेकिन वे अगर झूठ बोलते हैं तो हम उस झूठ को पकड़ते हैं। प्रधानमंत्री ने राफेल डील में अनिल अंबानी की मदद करने की कोशिश की। हमारा काम जनता को सचाई बताने का है।

राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘मैंने अरुण जेटली जी के जरिए नरेंद्र मोदी जी को ऑप्शन दिया था। ऑप्शन यह था कि राफेल पर संयुक्त संसदीय समिति बना दीजिए। कांग्रेस पार्टी या विपक्ष को इस पर ऐतराज नहीं है। अरुण जेटली जी लंबे-लंबे ब्लॉग लिखते हैं, लेकिन 24 घंटे बीतने वाले हैं। जेपीसी पर वे कुछ नहीं बोल रहे। हालांकि, इजाजत तो नरेंद्र मोदी जी को देनी है। हो सकता है कि जेटली जी इतना घबराएं कि मोदी जी से सवाल ही नहीं पूछ पाएंगे।’’ 

 भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, "राहुल ने आज नोटबंदी के बारे में बातचीत की। आपने जो आरोप मोदी पर लगाए हैं। आप वही आरोप पिछले तीन साल से लगा रहे हैं। उत्तरप्रदेश चुनाव के दौरान भी आप कहते थे कि देश की जनता को नोटबंदी से नुकसान हुआ। नुकसान अगर किसी को हुआ है तो वो कांग्रेस है। उत्तरप्रदेश में कांग्रेस को केवल 7 सीटें मिली। राहुलजी इतने बड़े नुकसान के बाद भी आपका वही स्क्रिप्ट राइटर चल रहा है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के पूर्वजों ने जीप घोटाले से लेकर अगस्ता घोटाले तक जनता को लूटकर जो पैसा कमाया था, वे कागज बन गए हैं। राहुल और सोनिया गांधी जब 10 जनपद में नोटों से भरे बोरे देखते हैं तो खून के आंसू रोते हैं।"


comments