बृहस्पति के लाल हिस्से में पानी की मौजूदगी के संकेत मिले

By: Dilip Kumar
8/30/2018 9:12:30 PM
नई दिल्ली

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वैज्ञानिकों को बृहस्पति ग्रह पर पानी होने के संकेत मिले हैं। यह पानी इस ग्रह के लाल हिस्से में है। इस हिस्से को 'द ग्रेट रेड स्पॉट' कहा जाता है। दरअसल, यह एक ऐसी जगह है जहां करीब 350 सालों से तूफान आ रहे हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक इस पानी में ऑक्सीजन समेत कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भी है। इससे पता चलता है कि बृहस्पति पर सूरज की तुलना में दो से नौ गुना ज्यादा ऑक्सीजन है। 'द ग्रेट रेड स्पॉट' घने बादलों से भरा हुआ है, जिससे विद्युत चुंबकीय ऊर्जा का निकल पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इसकी रसायनिक प्रक्रियाओं की ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाती।

अध्ययन करने वाली टीम में शामिल नासा के वैज्ञानिक गॉर्डन आई जोराकर ने इस दावे पर कहा, "बृहस्पति के चारों ओर चक्कर लगाने वाले उसके चंद्रमाओं में भरपूर बर्फ है। यानी के चारों और काफी पानी है। बृहस्पति का वह हिस्सा जिसे गुरुत्वाकर्षण का कुंड (द ग्रेट रेड स्पॉट) कहा जाता है, जिसमें हर चीज खिंची चली आती है उसमें पानी क्यों नहीं हो सकता?"

चांद पर पानी होने का प्रमाण भारत का चंद्रयान-1 काफी पहले ही दे चुका है। इसरो ने यह मिशन 10 साल पहले भेजा था। इसके साथ नासा का ने भी अपना एक उपकरण भेजा था। इससे मिली जानकारियों का अध्ययन करने पर वहां बर्फ होने के भी सबूत मिले हैं। हालांकि, यह बेहद कम (सिर्फ 3.5%) हिस्से पर है।


comments