नीलामी : माल्या के दो हेलिकॉप्टर 8.75 करोड़ रुपए में बिके

By: Dilip Kumar
9/20/2018 5:24:07 PM
नई दिल्ली

शराब कारोबारी विजय माल्या (61) के दो हेलिकॉप्टर की बुधवार को नीलामी हुई। दिल्ली की कंपनी चौधरी एविएशन ने इन्हें 8.75 करोड़ रुपए में खरीदा। कंपनी के डायरेक्टर सत्येन्द्र सहरावत ने बताया कि 5 सीटों वाले दोनों एयरबस यूरोकॉप्टर 10 साल पुराने हैं। ऋण वसूली प्राधिकरण ने ई-ऑक्शन के जरिए नीलामी की। माल्या पर 17 बैंकों का 9,000 करोड़ रुपए का कर्ज है।

नीलामी में तीन फर्मों ने हिस्सा लिया था। हर चॉपर के लिए कम से कम 1.75 करोड़ रुपए बोली लगाने की शर्त थी। इनमें से एक चॉपर फिलहाल मुंबई के जूहू एयरपोर्ट पर खड़ा है। कंपनी दोनों हेलिकॉप्टर का व्यावसायिक कामों में इस्तेमाल करेगी। माल्या ने 2007 से 2012 के बीच बैंकों से लोन लिया लेकिन चुकाया नहीं। उस पर बैंकों के 9,000 करोड़ रुपए बकाया हैं।

जुलाई में एसबीआई ने कहा था कि बैंकों ने माल्या की संपत्तियां बेचकर 963 करोड़ रुपए की वसूली कर ली है। विजय माल्या मार्च 2016 में लंदन भाग गया था। उस पर मनी लॉन्डरिंग के भी आरोप हैं। लंदन की अदालत में माल्या के प्रत्यर्पण का मामला चल रहा है। इस पर 10 दिसंबर को फैसला आएगा।


comments