'सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने का आदेश राजनीति नहीं, देशभक्ति'

By: Dilip Kumar
9/21/2018 8:05:21 PM
नई दिल्ली

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा 29 सितंबर को विश्वविद्यालयों में सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने के आदेश को लेकर मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने का आदेश राजनीति नहीं है। यह देशभक्ति का भाव है और इसका आयोजन अनिवार्य नहीं है। 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में घुसकर आतंकियों के लॉन्चिंग पैड नष्ट कर दिए थे। यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और उनसे संम्बध कॉलेजों को सर्कुलर जारी कर 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने का आदेश दिया था।

कांग्रेस ने इसे राजनीतिक करार दिया। जावड़ेकर ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद और गलत बताया। उन्होंने कहा कि सलाह और निर्देश में अंतर है। भाजपा सरकार सिर्फ सलाह देती है। वहीं, जब कांग्रेस सत्ता में थी तो आदेशों को अनिवार्य करती थी। जावड़ेकर ने कहा- छात्रों को सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में जानकारी होना जरूरी है। पिछले कुछ समय से छात्र और संस्थान इस बारे में जानकारी लेने के लिए सरकार को लिख रहे थे। इसी के चलते यह फैसला लिया गया था।

इससे पहले कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा था। सिब्बल ने लिखा- यूजीसी ने सभी यूनिवर्सिटी को सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने का आदेश दिया गया। क्या इसका मतलब लोगों को शिक्षित करना है या कि भाजपा के राजनीतिक हित पूरे करना?  सिब्बल ने दूसरे ट्वीट में लिखा- क्या यूजीसी की हिम्मत 8 नवंबर को लोगों की जीविका छीनने पर सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने की है?


comments