अपराधियों सामने पुलिस नतमस्तक, मारपीट में घायल युवक ने तोड़ा दम

By: Dilip Kumar
12/8/2018 3:22:09 PM
लखनऊ

एटा@डॉ. रामबाबू उपाध्याय।  पिछले दिनों मारपीट में घायल हुए युवक ने शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। थाना जलेसर के मोहल्ला महावीरगंज निवासी विशाल शर्मा पुत्र हरिश्चंद्र शर्मा के साथ 8 नवंबर को दो नामजद और ५ अज्ञात लोगों ने मारपीट की थी। इस मामले में थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। डेली न्यूज ऑनलाइन की खबर को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर पीडि़त के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई। विशाल शर्मा का जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा था। शुक्रवार दोपहर विशाल की हालत अचानक बिगड़ गई। आगरा ले जाते समय विशाल की रास्ते में ही मौत हो गई। जानकारी पाकर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पिछले महीने यानि 8/11/2018 में कुछ असामाजिक तत्वों ने विशाल शर्मा पुत्र श्री हरि चंद्र शास्त्री के घर में घुसकर बुरी तरह मारा पीटा था। इसमें विशाल शर्मा गम्भीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे भर्ती कराया गया था लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की। इसकी खबर डेली न्यूज को लगी। अलीगढ़ मंडल प्रभारी डॉ. रामबाबू उपाध्याय ने एसएसपी के संज्ञान में डाला। एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज हो सका। एसओ जलेसर ने 09/11/2018 को 323, 504, 506, 452 धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी जलेसर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और महीने बीतने के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उधर, गंभीर चोटों के कारण जिला अस्पताल ने उसकी हालत देखते हुए आगरा रेफर किया लेकिन आगरा पहुंचने से पहले रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जलेसर पुलिस ने लाश को पीएम हेतु भेज दिया। देखना अब यह है कि जलेसर पुलिस विशाल को गंभीर रूप से घायल करने वालो के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है। विशाल अपने पीछे एक विकलांग पुत्र और दो पुत्री(क्रमश: ५ वर्ष, ६ वर्ष) को छोड़ गया। विशाल के माता-पिता और पत्नी ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है। विशाल की शादी नौ साल पहले कल्पना से हुई थी।


comments