मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा के शासन का अंत, तेलंगाना में KCR का जादू कायम

By: Dilip Kumar
12/11/2018 6:56:01 PM
नई दिल्ली

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों के मुताबिक, कांग्रेस ने भाजपा से छत्तीसगढ़ छीन लिया है। राजस्थान में भी हर 5 साल में सरकार बदलने का 25 साल से चल रहा ट्रेंड कायम है। कांग्रेस यहां बहुमत के साथ वापसी करती दिख रही है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही 100 सीटों के पार हैं, लेकिन बहुमत अभी किसी को मिलता नहीं दिख रहा। उधर, तेलंगाना में दूसरी बार टीआरएस सत्ता हासिल कर रही है। मिजोरम के रुझान बता रहे हैं कि कांग्रेस के हाथ से पूर्वोत्तर का एकमात्र राज्य निकल गया है। रुझान में भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में दूसरे नंबर पर है। यहां कांग्रेस को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। तेलंगाना और मिजोरम में भाजपा तीसरे नंबर पर है।

राहुल-मोदी के लिए इन नतीजों के मायने

राहुल: 2017 में राहुल गांधी दिसंबर में ही कांग्रेस अध्यक्ष बने थे। राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस की यह पहली बड़ी जीत है। कांग्रेस ने भाजपा को 2 राज्यों छत्तीसगढ़ और राजस्थान में रोक लिया है। उधर, मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है।

मोदी-शाह: भाजपा की इस जोड़ी को झटका लगा है, क्योंकि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद साढ़े चार साल में भाजपा की यह सबसे बड़ी हार मानी जा रही है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे दो बड़े गढ़ भाजपा के हाथ से निकल रहे हैं। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भाजपा पंजाब में हारी थी। गोवा में भी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस बनी, लेकिन भाजपा सरकार बनाने में कामयाब रही। कर्नाटक में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी। लेकिन, यहां कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने सरकार बनाई। गुजरात में भाजपा की सीटें घटीं, लेकिन वह यहां सरकार बचाने में कामयाब रही।


comments