हजारों साल बाद माता सीता को अयोध्या में सम्मान दिलाने के लिए आवाज बुलंद हुई

By: Dilip Kumar
12/13/2018 7:12:58 PM
नई दिल्ली

पुरुषोत्तम श्रीराम की अर्धागिनी माता सीता को अयोध्या में उचित स्थान दिलाने के लिए हजारों वषों बाद आवाज बुलंद हो रही है। इसके लिए राजनेता, लेखक और कूटनीतिज्ञ, जम्मू-कश्मीर के महाराजा हरि सिंह और महारानी तारा देवी के उत्तराधिकारी के रूप में जन्मे डॉ॰ कर्ण सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम की मूर्ति के साथ माता सीता की मूर्ति भी लगवाई जाए।

उल्लेखनीय है कि भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में पुरुषोत्तम श्रीराम की 151 फीट या उससे अधिक ऊंची प्रतिमा लगाने की तैयारी हो रही है। इसी तरह मिथिला में जन्मी सीताजी की मूर्ति राम के साथ लगवाए जाने की जऱूरत है। पत्र में कर्ण सिंह ने कहा है कि मिथिला की भूमि सिमरिया में जिस समय मोरारी बापू की रामकथा और साहित्य सम्मेलन चल रहा था। उस समय कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर उनके मन में विचार आया।

उन्होंने पत्र में मिथिला में प्रकटी सीता माता के जीवन की विविध कष्टमय परिस्थितियों को उल्लिखित करते हुए लिखा कि श्रीराम की भव्य मूर्ति के साथ सीता माता की भी प्रतिमा लगाई जाए। इससे सीता को कम से कम हजारों वर्षों बाद अयोध्या में उचित स्थान तो मिल सकेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि जिस ऊंचाई की भगवान राम की मूर्ति प्रस्तावित है उसे आधा करके दोनों की मूर्तियां लगाई जा सकती है।
इन दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ का ध्यान भगवान राम पर भी है। वह भगवान राम से जुड़े तमात मौके पर अयोध्या में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

यह पत्र उस समय आया है जब योगी आदित्यनाथ राम बाराती बनकर बुधवार नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचे थे। यहां सीता-राम विवाह के स्वयंवर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर अयोध्या और जनकपुर के संबंध अटूट बताकर योगी ने कहा कि साझी परंपरा वाले नेपाल से भारत का मधुर संबंध कायम रहेगा। जनकपुर में विवाह पंचमी पर सीता-राम विवाह के स्वयंवर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माता सीता के बिना राम अधूरे हैं। मां जानकी की पावन धरती पर पहुंचकर वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह उनका सौभाग्य है।


comments