नए साल पर वैष्णो देवी पहुंचे 50,000 श्रद्धालु

By: Dilip Kumar
1/2/2019 1:26:54 AM
नई दिल्ली

नए साल की शुरुआत माता वैष्णो देवी के चरणों से करने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा पहुंचे। आलम यह था कि कटड़ा में दर्शनी ड्योडी और भवन पर श्रद्धालु एक से दो किलोमीटर लंबी कतारों में खड़े नजर आए। 31 दिसंबर को करीब 50,000 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। पूरे वर्ष की बात करें तो 2018 में करीब 85.80 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा की। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर यात्रा करने पहुंचे श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आधार शिविर कटड़ा में पंजीकरण करवाने से लेकर वैष्णो देवी दरबार तक हर तरफ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मां के जयकारे लगाते व भेंट गाते लोग देर रात तक यात्रा के लिए निकलते रहे।

2018 में किस माह कितने श्रद्धालु पहुंचे : जनवरी: 5,45,945, फरवरी: 3,43,162, मार्च: 7,96,852, अप्रैल: 7,28,666, मई: 9,44,614, जून: 11,61,329, जुलाई: 7,48,713, अगस्त: 6,90,646, सितंबर: 6,80,373, अक्टूबर: 7,99,596, नवंबर: 6,03,160, दिसंबर: 5,50,369

वर्ष 1986 में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के गठन के उपरांत साल दर साल यात्रा में उल्लेखनीय बढ़ोतरी जारी रही। वर्ष 1986 में जब बोर्ड ने प्रबंधन संभाला तब पूरे वर्ष में मात्र 13.96 लाख श्रद्धालु ही मां के दरबार पहुंचे थे। वर्ष 2000 में पहली बार श्रद्धालु का आंकड़ा 50 लाख की संख्या को पार कर गया। बर्ष 2000 में 52.17 लाख, वर्ष 2012 में पहली बार 104.95 लाख श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे थे। इसी तरह वर्ष 2012 में पहली बार वैष्णो देवी यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ की संख्या को पार कर गया। उसके उपरांत साल दर साल देश के साथ ही राज्य में घटित विभिन्न घटनाओं के कारण यात्रा में गिरावट आना शुरू हो गई। वर्ष 2017 में 81.78 लाख श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे थे। पांच वर्ष के उपरांत वर्ष 2018 में 85.80 लाख श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे।


comments