भाजपाई आपके पकौड़े का भी तेल चुरा लेंगे : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

By: Dilip Kumar
10/29/2018 7:24:14 PM
नई दिल्ली

सोमवार को तीसरी बार उज्जैन दौरे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आए । उन्होंने भगवान महाकाल का अभिषेक किया। इसके बाद एक चुनावी सभा में कहा- भाजपा ने राज्य में जमकर भ्रष्टाचार किया है। क्षिप्रा नदी से पानी चुरा लिया। कुंभ मेले को भी नहीं छोड़ा। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पकौड़ा वाले बयान पर तंज भी किया। कहा- पकौड़े तलोगे तब भी भाजपा आपका पैसा और तेल चोरी कर लेगी। नोटबंदी का पैसा नहीं आएगा और आपका पकौड़ा भी ले जाएंगे। धर्म की बात करते हैं, लेकिन इनका धर्म भ्रष्टाचार है।

मोदी ने जनवरी में एक टीवी इंटरव्यू के दौरान श्रम मंत्रालय के आंकड़ों पर पूछे गए सवाल पर कहा था- कोई व्यक्ति अगर पकौड़ा बेच रहा है तो वह रोजगार होगा कि नहीं? राहुल ने कहा कि अगर देश का फाइनेंस मिनिस्टर चोर (विजय माल्या) को भगाता है, तो कोई कार्रवाई नहीं होती है। खुलकर फाइनेंस मिनिस्टर कहता है कि जाने से पहले 9500 करोड़ के चोर ने मेरे साथ मुलाकात की। मेहुल चौकसी और नीरव मोदी 35 हजार करोड़ रुपए लेकर भाग गया। जितना पैसा मनरेगा में कांग्रेस ने एक साल में डाला उतना पैसा नीरव मोदी ले गया।

महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष ने बताया, "राहुलजी ने पंचामृत अभिषेक किया। पंचामृत में घी, दूध, दही, शक्कर, शहद का मिश्रण होता है। यह अभिषेक 10 से 15 मिनट चलता है।" राहुल के साथ कांग्रेस नेता कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे। राहुल दर्शन के बाद मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला में गए, जहां वे करीब 10 मिनट रुके।


comments