नवम्बर माह तक 5 कॉलोनियों को टेकओवर करेगा गुरूग्राम नगर निगम

By: Dilip Kumar
10/30/2018 9:48:48 PM
नई दिल्ली

गुरूग्राम@ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के निर्देशों की पालना में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा नवम्बर माह के अंत तक 5 कालोनियां टेकओवर की जाएंगी। इनमें पालम विहार, साऊथ सिटी-1, साऊथ सिटी-2 फेज-1, साऊथ सिटी-2 फेज-2(निर्वाणा कंट्री) तथा सुशांत लोक-1 शामिल हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव ने बताया कि नगर निगम गुरूग्राम का प्रयास है कि नवम्बर माह के अंत तक इन 5 कॉलोनियों को टेकओवर करके इनमें विकास कार्य शुरू कर दिए जाएं। इस बारे में टैंडर आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पालम विहार में विकास कार्यों के लिए 19 करोड़ 32 लाख रूपए, साऊथ सिटी-1 में 17 करोड़ 95 लाख रूपए, साऊथ सिटी-2 फेज-1 के लिए 11 करोड़ 76 लाख रूपए, साऊथ सिटी-2 फेज-2 (निर्वाणा कंट्री) के लिए 9 करोड़ 80 लाख रूपए तथा सुशांत लोक-1 में विकास कार्यों के लिए 41 करोड़ 28 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि मई 2018 में हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने डीएलएफ फेज-1, 2, 3, सनसिटी, सुशांत लोक-1, पालम विहार, साऊथ सिटी-1, साऊथ सिटी-2 फेज-1, साऊथ सिटी-2 फेज-2(निर्वाणा कंट्री) को टेकओवर करने के निर्देश जारी कर दिए थे। जिसके बाद जुलाई और अगस्त माह में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के निदेशक ने सभी कालोनाइजर के साथ बैठक कर कालोनी टेकओवर की सभी त्रुटियों को दूर कर दिया था।

इन बैठकों के दौरान डीएलएफ फेज एक से तीन व सनसिटी कालोनाइजर ने सर्विस एस्टीमेट के हिसाब से विकास कार्यो को स्वयं करने पर अपनी सहमति दे दी थी और अन्य बिल्डरों ने विकास कार्यो के बदले चल एवं अचल सपंत्ति देने पर सहमति दी थी।
इस निर्णय के बाद नगर निगम गुरुग्राम को इन कालोनियों की डीपीआर की चण्डीगढ़ स्थित शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव कार्यालय से स्वीकृति मिल गई है। जिसके बाद अब नगर निगम ने उक्त 5 कालोनियों के टैंडर की प्रकिया शुरू करके विकास कार्य करने की तैयारी कर ली है।

नगर निगम आयुक्त यशपाल का कहना है कि कालोनी टेकओवर करने के बाद नगर निगम की तरफ से सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी, जिनमें सडक़, सीवर, पानी, ड्रेनेज, पार्कों का रख-रखाव, स्ट्रीट लाइटें इत्यादि शामिल होंगी। कॉलोनी टेकओवर को लेकर प्रदेश सरकार काफी गंभीर है और पिछले एक साल में इसे सिरे चढ़ाने के लिए भरसक प्रयास भी किए गए। विभिन्न प्रकार की त्रुटियों को खत्म करने के बाद अब नंवबर माह के अंत तक लोगों को निगम की सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।


comments