दिल्ली मेट्रो के सबसे हाईटेक रूट शिव विहार-त्रिलोकपुरी का उद्घाटन

By: Dilip Kumar
10/31/2018 1:42:41 PM
नई दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को बुधवार को एक और मेट्रो रूट शिव विहार- त्रिलोकपुरी का तोहफा मिल गया है। बुधवार सुबह केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मेट्रो भवन से इस रूट को झंडी दिखाई। इस लाइन के खुलने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 313.86 किलोमीटर लंबा हो गया है। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो दुनिया के दस सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो के लिए ये बहुत बड़ी कामयाबी है। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो ने एक विश्व रिकॉर्ड भी कायम किया है। दिल्ली मेट्रो का ये नया रूट अपने डिजाइन व अन्य खूबियों की वजह से सबसे अनोखा है।

मेट्रो की ये लाइन त्रिलोकपुरी संजय झील से लेकर शिव विहार मेट्रो स्टेशन तक है। ये मेट्रो की पिंक लाइन है। डीएमआरसी प्रवक्ता के अनुसार, मेट्रो का ये रूट 17.86 किलोमीटर लंबा है। इस रूट पर कुल 15 मेट्रो स्टेशन हैं। ये पूरा रूट और इसके सभी स्टेशन एलिवेटेड हैं।
दिल्ली मेट्रो के अनुसार जिस तेजी से अन्य नई लाइनों के निर्माण का कार्य चल रहा है और उसके बाद भी योजनाएं प्रस्तावित हैं। उससे साफ है कि दिल्ली मेट्रो एक दिन दुनिया के तीन सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो सकती है।

त्रिलोकपुरी संजय झील, पूर्वी विनोद नगर-मयूर विहार दो, मंडावली-पश्चिमी विनोद नगर, आइपी एक्सटेंशन, आनंद विहार आइएसबीटी, कड़कड़डूमा, कड़कड़डूमा कोर्ट, कृष्णा नगर, पूर्वी आजाद नगर, वेलकम, जाफराबाद, मौजपुर-बदरपुर, गोकुलपुरी, जोहरी एनक्लेव और शिव विहार।

मेट्रो के इस रूट की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इस पर तीन इंटरचेंज होंगे। पहला इंटरचेंज आनंद विहार (ब्लू लाइन), कड़कड़डूमा (ब्लू लाइन) और वेलकम (रेड लाइन) होगा। मेट्रो का ये रूट पिंक लाइन, ब्लू लाइन लाइन और रेड लाइन को जोड़ने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। यही नहीं मेट्रो का यह सबसे ज्यादा घुमावदार कॉरिडोर भी है।

मेट्रो के 17.86 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 10 तीक्ष्ण मोड़ हैं। खास बात यह कि इस कॉरिडोर पर तीन लूप में मेट्रो का परिचालन किया जाएगा। जाहिर है कि शिव विहार से त्रिलोकपुरी के लिए सीधी मेट्रो नहीं मिलेगी, मौजपुर में मेट्रो बदलनी पड़ेगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का दावा है कि 35-38 मिनट में यह सफर पूरा हो सकेगा। इस पर कुल 13 ट्रेनों का परिचालन होगा।


comments