भोजपुरी गायक छैला बिहारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग

By: Dilip Kumar
11/8/2018 8:34:02 PM
नई दिल्ली

भोजपुरी लोक गायक छैला बिहारी के घर पर बेखौफ अपराधियों ने जमकर गोलीबारी की है। घटना बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी थानाक्षेत्र के पोड़ा की है जहां छैला बिहारी के घर पर हमला करते हुए अपराधियों ने तड़ातड़ कई राउंड की फायरिंग की है। लोकगायक के परिवारवालों ने बताया कि पिछले दिनों पौड़ा पंचायत में मनरेगा घोटाले का खुलासा हुआ है और खुलासा करने का आरोप छैला बिहारी के परिवारवालों पर लगा है, इसलिए दहशत फैलाने के लिए मारपीट और फायरिंग की घटना को स्थानीय मुखिया और और उनके लोगों द्वारा अंजाम दिया गया है।

गोलीबारी की इस घटना के बाद से छैला बिहारी के परिवार वाले काफी दहशत में है। छैला बिहारी के भतीजा शुभम कुमार की मानें तो पौड़ा पंचायत के मुखिया पति द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने फायरिंग करने के साथ ही बंदूक के बल पर छैला बिहारी के घर में लाखों की लूट की वारदात को भी अंजाम दिया है, हालांकि लूटपाट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखा और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आपसी रंजिश को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।


comments