उत्‍तराखंड में बदला मौसम, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी

By: Dilip Kumar
1/5/2019 8:57:25 PM
नई दिल्ली

उत्तराखंड में मौसम के तेवर और तल्ख हो गए। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। यह क्रम दो दिन तक जारी रह सकता है। बदरीनाथ, हेमकुंड, औली, गौरसों सहित ऊंची चोटियों पर रुक रुककर बर्फबार हुई। बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। वहीं बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए देहरादून के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 8 जनवरी से 12 जनवरी तक जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के साथ ही तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में ओलावृष्टि के आसार भी बन रहे हैं। विशेषकर तीन हजार मीटर से ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी भी जारी कर दी है।
प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहे। बर्फीली हवा ने परेशानी में और इजाफा किया है। प्रदेश के नौ शहरों में पारा तीन डिग्री सेल्सियस व इससे कम रहा। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। यहां पारा शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।


comments