न्यूजीलैंड वनडे ने 3-0 से सीरीज जीती

By: Dilip Kumar
1/8/2019 5:39:32 PM
नई दिल्ली

न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज 3-0 से जीत ली। उसने मंगलवार को नेलसन के सैक्सटन ओवल मैदान पर खेले गए आखिरी वनडे में श्रीलंका को 115 रन से हराया। इस मैच में श्रीलंका के आखिरी पांच विकेट पांच रन पर गिरे। उसके आखिरी के चार विकेट तो एक भी रन नहीं जोड़ पाए। मैच में श्रीलंका के चार खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल पाए। न्यूजीलैंड के रोस टेलर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, उसका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ और न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 364 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

न्यूजीलैंड की ओर से रोस टेलर और हेनरी निकोल्स ने शतक लगाया। टेलर ने 137 रन बनाए, जबकि हेनरी 124 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। कप्तान केन विलियम्सन ने 55 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से लसिथ मलिंगा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 93 रन देकर तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। उनके अलावा लक्षण संदाकन ने 54 रन देकर एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही। निरोशन डिकवेला और धनंजय डि सिल्वा ने पहले विकेट के लिए 49 गेंद पर 66 रन जोड़े। इस स्कोर पर धनंजय 36 रन बनाकर आउट हुए।

धनंजय के बाद कुशल परेरा और डिकवेला ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। हालांकि, जब टीम का स्कोर 107 रन था, तभी पहले डिकवेला 46 रन और फिर कुशल मेंडिस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। दस रन बाद दासुन शनाका भी दो रन पर आउट हो गए। इसके बाद परेरा ने थिसारा परेरा के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 26 रन जोड़े। टीम का स्कोर जब 143 रन था, तभी कुशल परेरा 43 रन पर आउट हो गए।

इसके बाद थिसारा और दानुश्का गुणाथिलका ने टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। टीम का स्कोर जब 244 रन था, तब थिसारा 80 रन पर आउट हो गए। पांच रन बाद दुष्मंता चमीरा एक रन पर आउट हुए। इस समय टीम का स्कोर सात विकेट पर 249 रन था। इसी स्कोर पर दानुश्का 31 और मलिंगा और नुआन प्रदीप बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्युसन ने 4 और ईश सोढ़ी ने 3 विकेट लिए।


comments