कांग्रेस उप्र में सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी: गुलाम नबी

By: Dilip Kumar
1/14/2019 1:09:15 AM
नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा के गठबंधन के ऐलान के बाद रविवार को कांग्रेस ने भी साफ कर दिया कि पार्टी उत्तरप्रदेश की सभी 80 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हमारी तैयारी पूरी है। हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर केवल अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस ही हरा सकती है। इससे पहले शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमों मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया था। उप्र में दोनों पार्टियां 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

हालांकि, मायावती ने कहा था कि वे कांग्रेस से गठबंधन किए बिना भी उनके लिए अमेठी और रायबरेली सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारेंगे। अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से सोनिया गांधी सांसद हैं।गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जनता जानती है कि हमने गठबंधन नहीं तोड़ा। हमने पहले ही कहा था कि उन सभी पार्टियों से बात करने के लिए तैयार हैं, जो भाजपा को हराना चाहती हैं। लेकिन हम किसी पर दबाव नहीं डाल सकते। सपा-बसपा ने इसे समाप्त कर दिया, अब हम भाजपा को हराने के लिए अकेले चुनाव लड़ेंगे।


comments