भाजपा संविधान विरोधी पार्टी, यूपी- बिहार से होगा सफाया : तेजस्वी यादव

By: Dilip Kumar
1/14/2019 10:15:42 PM
नई दिल्ली

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कल रात से लखनऊ की राजनीति को गरमा दिया है। बसपा सुप्रीमो के काफी देर तक भेंट करने के बाद वह आज दिन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले। इस दौरान उन्होंने मीडिया को भी संबोधित किया। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा व बसपा के बीच गठबंधन के लिए मैं तहेदिल से अखिलेश यादव व मायावती जी को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ यह गठबंधन देश की राजनीति की दिशा व दशा तय करेगा। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा तो संविधान की हत्या करने वाली पार्टी है। संविधान विरोधी पार्टी का लोकसभा चुनाव में अब तो उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार से भी सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संविधान विरोधी पार्टी की उलटी गिनती शुरू हो गई है। नागपुरिया कानून से देश चलाया जा रहा है। बंच ऑफ थॉट्स किताब को संविधान की जगह रखना चाहते हैं।

तेजस्वी ने कहा कि इस पार्टी ने देश के लोगों को धर्म व जाति के नाम पर लड़ाकर अपना उल्लू सीधा किया है। अब लोगों को इनकी सारी साजिश का पता चल गया है। भाजपा की सरकार में मॉब लिंचिंग बढ़ी है। समाज में जहर फैलाया जा रहा है। देश में हर तरफ अघोषित इमरजेंसी का माहौल है। इनके राज में तो हर संवैधानिक संस्थाओं को तानाशाही करके अपने फायदे के लिए चलाया जा रहा है। देश में बेरोजगारी बढ़ी है। किसान भी मर रहा है। तेजस्वी यादव ने साथ ही कहा कि कई पत्रकार और कलाकारों को गालियां दी जा रही है, उन्हें पाकिस्तान जाने के लिए कहा जा रहा है। जैसा देश का माहौल है, उसे देश की जनता देख रही है। आने वाले समय में पता लग जाएगा कि कौन कितना बेइमान है। आपके चौकीदार ने कितना बेइमानी का काम किया है।


comments