पहले चरण में 5 बजे तक उत्तरप्रदेश में 60% और बिहार में 53% मतदान

By: Dilip Kumar
4/11/2019 8:27:51 PM
नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव के सात चरण में से पहले चरण के लिए वोट डाले गए। शाम 5 बजे तक उत्तरप्रदेश की आठ सीटों पर 60% और बिहार की चार सीटों पर 53% मतदान हुआ। बंगाल में 3 बजे तक 70% और महाराष्ट्र में 46.13% वोट डाले गए। पहले चरण में 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटें शामिल हैं। कुल 1279 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनका फैसला 14 करोड़ 20 लाख 54 हजार 978 मतदाता करेंगे। इनमें 7 करोड़ 21 लाख पुरुष मतदाता, 6 करोड़ 98 लाख महिला मतदाता हैं। इनके लिए 1.70 लाख मतदान केंद्र बनाए गए।पहले चरण में 10 राज्यों की सभी सीटों पर गुरुवार को मतदान पूरा हुआ। वहीं, आंध्रप्रदेश विधानसभा की सभी 175, अरुणाचल प्रदेश की सभी 60, सिक्किम की सभी 32 और ओडिशा की 147 में से 28 विधानसभा सीटों के लिए भी वोटिंग हुई।

इन 91 सीटों पर पिछले दो चुनावों की स्थिति

2009 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 91 में से 7 और कांग्रेस ने 55 सीटें जीती थीं। 2014 में यह तस्वीर बदल गई। कांग्रेस 7 सीटों पर सिमट गई, जबकि भाजपा को 25 सीटों का फायदा हुआ और वह 32 के आंकड़े तक पहुंच गई। पहले चरण की इन 91 सीटों पर पिछली बार कांग्रेस से ज्यादा सफल तेदेपा (16) और टीआरएस (11) रही थी।

पहले चरण की बड़ी सीटें

नागपुर, महाराष्ट्र

यहां केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी और कांग्रेस के नाना पटोले के बीच मुकाबला है। पटोले 2017 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आ गए थे। नागपुर में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की अहम भूमिका है। कुनबी और बंजारा समुदाय के वोटर भी हैं जो निर्णायक साबित हो सकते हैं। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इसी शहर से हैं।

चंद्रपुर, महाराष्ट्र

केंद्रीय मंत्री मंत्री हंसराज अहीर यहां से सांसद हैं। वे लगातार चौथी बार चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला शिवसेना छोड़कर कांग्रेस में आए सुरेश धनोरकर से है।

गया, बिहार

यहां से जदयू के विजय मांझी मैदान में हैं। उनके खिलाफ राजद-कांग्रेस-हम-रालोसपा के महागठबंधन से पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी हैं। इस सीट पर 3 लाख मांझी, 2 लाख मुस्लिम और इतने ही यादव वोटर हैं। गया सीट भाजपा का गढ़ रही है।

जमुई, बिहार

यहां से चिराग पासवान फिर से लोजपा से किस्मत आजमा रहे हैं। उन्हें उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा के भूदेव चौधरी टक्कर दे रहे हैं। इस सीट पर महादलित समाज के वोटर ज्यादा हैं।

मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

इस सीट पर 2013 दंगों के बाद जाट और मुस्लिम समुदाय अलग हो गया था। इसकी वजह से 2014 में यह सीट भाजपा के खाते में आ गई थी। अब 5 साल बाद हालात बदले हैं। यहां से अजीत सिंह मैदान में हैं। 2014 में वे अपने गढ़ बागपत में हार गए थे। उनका मुकाबला भाजपा के संजीव बालियान से है।

बागपत, उत्तर प्रदेश

यह सीट चौधरी अजीत सिंह का गढ़ रही है। पिछली बार उन्हें मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर सत्यपाल सिंह ने हरा दिया था। सिंह इस सीट पर दोबारा भाजपा उम्मीदवार हैं। इस बार उनका मुकाबला अजीत सिंह के बेटे जयंत चौधरी से है।

गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश

केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार उनका मुख्य मुकाबला सपा के सुरेश बंसल से है।

गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश

केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा यहां से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने अरविंद कुमार सिंह और सपा-बसपा-रालोद ने सतवीर को टिकट दिया है।

निजामाबाद, तेलंगाना

इस सीट से टीआरएस प्रमुख और मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के. कविता लड़ रही हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने मधुसूदन को टिकट दिया है।

हैदराबाद

इस सीट पर एक बार फिर मौजूदा सांसद एआईएमआईएम के नेता असदउद्दीन ओवैसी मैदान में हैं। उनके खिलाफ टीआरएस ने पी. श्रीकांत को टिकट दिया है।

तुरा, मेघालय

यहां से पूर्व लोकसभा स्पीकर की बेटी अगाथा संगमा एनपीपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा से है।

हरिद्वार, उत्तराखंड

इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक मैदान में हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस के अंबरीश कुमार मैदान में हैं।

अपडेट्स

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मतदान खत्म होने के बाद नक्सलियों ने कमांडो दस्ते पर हमला किया। इसमें तीन जवान घायल हो गए। बीते दो दिन में नक्सलियों ने तीन हमले किए।

आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मतदान के बाद कहा कि चुनाव आयोग ने अधिकारियों के तबादले किए, लेकिन वे गर्मी के मौसम में ईवीएम और वीवीपैट को नहीं संभाल पाए।

बसपा ने मतदान में गड़बड़ी की शिकायत चुनाव आयोग से की। पार्टी नेता सतीश चंद्र मिश्रा का आरोप है कि पहले पुलिस-प्रशासन ने दलित समुदाय के लोगों को वोट डालने से रोका। इसके बाद कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में हाथी का बटन दबाने पर वोट कमल (भाजपा) को जा रहा था।

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मतदान कर लौट रहे लोगों की ट्राली पलटने से तीन की मौत हो गई, नौ जख्मी।

आंध्रप्रदेश के अनंतपुर में वोटिंग के दौरान झड़प में तेदेपा नेता एस भास्कर रेड्डी की मौत।

आंध्रप्रदेश के अनंतपुर में जन सेना के उम्मीदवार मधुसूदन गुप्ता ने ईवीएम तोड़ दी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मुजफ्फरनगर के भाजपा प्रत्याशी संजीव बलियान ने बुर्का पहनकर आ रही महिलाओं का चेहरा नहीं जांचने को लेकर आपत्ति की। उन्होंने फेक वोटिंग की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अगर इसे ठीक नहीं किया गया तो वह दोबारा वोटिंग की मांग करेंगे।

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर के फरसगांव और दंडवन के बीच नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया। हालांकि, किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। एसपी मोहित गर्ग ने इसकी पुष्टि की। नक्सलियों ने मतदान के बहिष्कार का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि वोटरों को डराने के लिए नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

बागपत के बड़ौत में वोट डालकर आने वाले लोगों पर एनसीसी कैडेट्स ने फूल बरसाए।

नागपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत और सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वे समय से पहले मतदान केंद्र पहुंच गए थे। मोहन भागवत ने कहा कि वोट देना हर नागरिक का कर्तव्य है।

33 सीटें ऐसी जहां तीन दलों के बीच सीधा मुकाबला

पहले चरण में 91 में से 33 लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां सीधा मुकाबला भाजपा-कांग्रेस या एनडीए-यूपीए के बीच है। इनमें सबसे ज्यादा 7 सीटें महाराष्ट्र की हैं। पांच-पांच सीटें असम और उत्तराखंड और चार सीटें बिहार की हैं। वहीं, 35 ऐसी सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे तीन से चार मुख्य दलों के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इनमें सबसे ज्यादा 25 सीटें आंध्र की हैं। वहां तेदेपा, वाईएसआरसीपी, भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। आंध्र में 3 करोड़ 93 लाख वोटर हैं। वहीं, 8 सीटें उत्तर प्रदेश की हैं, जहां भाजपा, कांग्रेस के अलावा सपा-बसपा-रालोद ने अपना संयुक्त उम्मीदवार उतारा है।


comments