योगी बोले, एएमयू में आरक्षण दिलाना हमारा संकल्प

By: Dilip Kumar
4/11/2019 9:06:04 PM
नई दिल्ली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अलीगढ़ की सीट पर जीत हासिल करने के लिए राममंदिर की यादों को ताजा किया, वहीं जिन्ना तक पर वार किए। उन्होंने साफ कहा कि एएमयू में दलितों को आरक्षण दिलाने के लिए हम संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को राजस्थान के राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के गृह क्षेत्र थे। अतरौली के केएमवी इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि एएमयू केंद्र की मदद से चल रही है। अल्पसंख्यक का दर्जा नहीं मिला है। इसलिए एएमयू में दलित -पिछड़ों को आरक्षण मिलना चाहिए। इन्हें आरक्षण दिलाने के लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एएमयू में जिन्ना की तस्वीर को लेकर पूर्व में हुए विवाद पर कहा कि जिन्ना ने देश का विभाजन कराया। ऐसे व्यक्ति का सम्मान नहीं होना चाहिए। इसकी आवाज भाजपा सांसद सतीश गौतम ने ही उठाई। कहा कि पूर्व सीएम कल्याण सिंह की धरती से देश के टुकड़े -टुकड़े करने वालों को सबक सिखाने की आवाज उठनी चाहिए। कल्याण सिंह ने ही श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए कुर्सी छोड़ी।

उन्होंने कहा कि जो काम पूर्व की सरकार नहीं कर सकीं, वह मोदी सरकार ने कर दिखाया है। गरीबों को गैस, बिजली व शौचालय दिलाना उन सरकारों के लिए मुमकिन न था, लेकिन भाजपा ने यह काम मुमकिन कर दिया। क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है। सपा, बसपा व कांग्र्रेस की सरकारों के समय प्रदेश को बिजली नहीं मिल पाती थी, क्योंकि सपा, बसपा व कांग्र्रेस के लोग अंधेरे में भ्रष्टाचार करते थे। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म हो चुका है।


comments