'बिहार में लालटेन की जरूरत नहीं, हर घर में पहुंच गई है बिजली'

By: Dilip Kumar
4/13/2019 7:47:22 PM
नई दिल्ली

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपने चुनावी दौरे में कटिहार पहुंचे। कटिहार लोकसभा क्षेत्र के बारसोई व कदवा में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कटिहार की जनता से अपने 13 वर्षों के कार्यकाल में किये गये कार्यों की मजदूरी मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों की मजदूरी के रूप में एनडीए प्रत्याशी को वोट देकर उन्हें जितावें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कटिहार के एनडीए प्रत्याशी दुलालचंद्र गोस्वामी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पति-पत्नी के राज में मदरसा शिक्षकों की पिटाई होती थी, लेकिन हमारे राज में उन्हें सम्मान और अधिकार मिला। बिजली हर घर में पहुंच गई है। अब बिहार में लालटेन की जरूरत नहीं है। शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम हो रहे हैं। साइकिल व पोशाक योजनाओं ने बेटियों में पढ़ने की ललक पैदा की। शराबबंदी से प्रदेश के लोगों को फायदा हो रहा है।

नीतीश ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। राज्य में हर तबके के लोगों के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार जैसे पिछड़े राज्य में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा, अतिपिछड़ा, अल्पसंख्यक, महिला सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया गया है। महिलाओं को पंचायती राज और नगर निकाय में 50 परसेंट आरक्षण देने के मामले में बिहार का कोई जोड़ नहीं। महिलाओं को 50 परसेंट आरक्षण देने के मामले में बिहार देश का पहला राज्य है।


comments