बंगाल : आर-पार की लड़ाई, भाजपा और विपक्ष में जुबानी जंग तेज

By: Dilip Kumar
5/16/2019 11:03:27 PM
नई दिल्ली

कोलकाता में मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के शीर्ष नेताओं ने मोर्चा संभाला तो दूसरी तरफ नेशनल कांफ्रेंस, बसपा, और एनसीपी ममता बनर्जी के पक्ष में खड़े दिखाई दिए। गुरुवार को चुनावी जनसभाओं में मोदी और ममता ने एक-दूसरे पर वार पर वार किए।

बुधवार को ममता बनर्जी के आरोपों का जवाब मोदी ने उत्तर प्रदेश के मऊ में गुरुवार को अपनी पहली चुनावी सभा में दिया। ममता ने कहा था कि वह मोदी को बंगाल की संस्कृति से खेलने नहीं देंगी, भले ही उनकी जान क्यों न चली जाए। मऊ में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के महागठबंधन पर तो निशाना साधा ही, ममता बनर्जी को भी घेरा। उन्होंने कहा तृणमूल अराजकता फैला रही है। वहां की मुख्यमंत्री सत्ता मद में चूर हैं। समाज सुधारक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी गई, भाजपा अब पंचधातु की मूर्ति लगवाकर गरीबों व महिलाओं के अधिकार की बात करने वाले सुधारक को सम्मान देगी।

उप्र में मऊ के अलावा चंदौली और मीरजापुर में रैली करने के बाद मोदी ने बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर संसदीय क्षेत्र और दमदम में सभाएं की। उन्होंने यहां भी ममता पर हमले जारी रखे। कहा- दीदी, यह पश्चिम बंगाल आपकी और आपके भतीजे की जागीर नहीं है। ये मां भारती का अटूट अंश है। बोले, यह देश सब कुछ स्वीकार कर सकता है, लेकिन अहंकार किसी का भी नहीं। मोदी ने कहा, उप्र, बिहार, ओडिशा से जीविका कमाने बंगाल आने वाले लोगों से आपको समस्या है, लेकिन सीमा लांघ कर यहां आने वाले घुसपैठियों से आपको समस्या नहीं है।

ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने के मोदी के आरोप से भड़की ममता ने उनको चुनौती दी कि वह आरोपों को साबित करें वरना उन्हें जेल भेज देंगे। ममता दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। ममता यहीं नहीं रुकीं बोलीं, 'प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह विद्यासागर की मूर्ति बनवाएंगे। बंगाल के पास मूर्ति बनवाने के लिए पैसे हैं।

क्या वह 200 साल पुरानी धरोहर को लौटा सकते हैं? हमारे पास सुबूत है और आप कहते हैं कि तृणमूल ने किया है। क्या आपको शर्म नहीं आती है? इतना झूठ बोलने के लिए उनको उठक-बैठक करनी चाहिए। मैं जो कह रही हूं उसके लिए जेल जाने को भी तैयार हूं।' ममता ने चुनाव आयोग को भी नहीं बख्शा कहा, चुनाव आयोग भाजपा का भाई है। आज देश में हर कोई कह रहा है कि भाजपा ने चुनाव आयोग को खरीद लिया है।

बसपा अध्यक्ष मायावती ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बचाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के दबाव में निर्वाचन आयोग ने निर्धारित अवधि से एक दिन पूर्व प्रचार रोक दिया। उन्होंने बंगाल के हालात के लिए भाजपा और आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया।

नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया कि पश्चिम बंगाल में मतदाताओं को सांप्रदायिक आधार पर बांटने की भाजपा की कोशिश व्यर्थ जाएगी। महाराष्ट्र प्रदेश राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने बंगाल में हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर रही है।


comments