बहराइच में अक्षयवर लाल गोंड ने लहराया भगवा

By: Dilip Kumar
5/23/2019 7:35:24 PM
नई दिल्ली

17वीं लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बहराइच संसदीय क्षेत्र में धमाकेदार जीत दर्ज कराई। भाजपा ने सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी को 1,28,669 मतों से करारी शिकस्त दी है। वहीं, कांग्रेस से मैदान में उतरी सांसद सावित्री बाई फुले 34383 मत पाकर तीसरे स्थान पर ही रह गईं। शहर के सलारपुर गल्लामंडी में सुबह निर्धारित समय आठ बजे से मतगणना आधे घंटे देर से शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई। सूरज चढऩे के साथ ही भाजपा का कमल खिलता गया और साइकिल के पहियों से हवा निकलती गई। बहराइच लोकसभा के चारों विधान सभाओं नानपारा, महसी, बलहा व बहराइच पर काबिज भाजपा के गढ़ में भाजपा प्रत्याशी ने बंपर वोटों से जहां जीत दर्ज की है वहीं सपा के कब्जे में मटेरा विधानसभा में भाजपा आगे नहीं बढ़ सकी। यहां सपा का ही दबदबा बना रहा।

पहले राउंड में भाजपा के उम्मीदवार अक्षयवर लाल गोंड ने बढ़त बनाई तो यह सिलसिला अंत तक चलता रहा। भाजपाइयों के चेहरे खिलते गए तो वहीं सपा-बसपा गठबंधन के खेमे में मायूसी छा गई। 20 राउंड पूरा होते-होते सपा के एजेंटों का पलायन मतगणना स्थल से शुरू हो गया, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी व सांसद सावित्री बाई फुले मतगणना शुरू होने से पहले ही मतगणना स्थल पहुंची और वोटों का रुझान देखकर वे गेट से ही वापस लौट गई। गठबंधन प्रत्याशी शब्बीर अहमद भी टोह लेने आए, लेकिन उनके भी पांव नहीं टिक सके।

31 राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी अक्षयवर लाल गोंड को 525512, गठबंधन प्रत्याशी शब्बीर अहमद को 396843 व कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री बाई फुले को 34383 मत मिले। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गठबंधन के प्रत्याशी शब्बीर को 1,28,669 मतों से पराजित कर एक बार फिर बहराइच पर भाजपा का परचम लहरा दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी शंभु कुमार ने भाजपा प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र दिया। प्रदेश में सबसे पहले यहां जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। जीत के बाद भाजपाइयों ने गोले-तमाशे दागे।

लोकसभा चुनाव की मतगणना निपटाकर जीत का प्रमाण पत्र जारी करने में बहराइच प्रदेश में अव्वल रहा। यहां ढाई बजे तक मतगणना का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया था और अपराह्न 3.45 बजे प्रत्याशी को डीएम शंभु कुमार की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया गया। डीएम ने भाजपा प्रत्याशी अक्षयवर लाल गोंड से पहले हाथ मिलाया, फिर उन्हें जीत की बधाई देते हुए प्रमाण पत्र सौंपा।

मतगणना स्थल परिसर में प्रेक्षक कक्ष बनाया गया था। जहां भाजपा प्रत्याशी अक्षयवर लाल गोंड को जीत दर्ज करने पर प्रमाण पत्र दिया गया। प्रमाण पत्र लेकर कक्ष से बाहर निकलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयघोष के साथ विजय का इजहार किया। काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी माला लिए बाहर खड़े रहे। प्रमाण पत्र लेकर निकलते ही पदाधिकारी माला पहनाने के लिए टूट पड़े। आखिर में भाजपा प्रत्याशी गोंड को कहना पड़ा कि बारी-बारी से लोग हमारे साथ फोटो ङ्क्षखचवाएं। इसके बाद उनके समर्थक शांत हुए।

 


comments