राम नाम सुनते ही सांड की तरह भड़क उठती हैं दीदी: भट्ट

By: Dilip Kumar
6/6/2019 2:01:13 PM
नई दिल्ली

नैनीताल से नवनिर्वाचित सांसद एवं भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राम का नाम सुनते ही दीदी ठीक उसी तरह भड़क उठती हैं, जिस प्रकार लाल कपड़ा दिखाने पर सांड भड़क उठता है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मारपीट व तोड़फोड़ की घटना के आलोक में सांसद भट्ट ने कहा कि राम नाम ममता दीदी को रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में दीदी की जमीन खिसक गई है। लोकसभा चुनाव के नतीजों से यह साफ हो गया है कि पश्चिम बंगाल के विस चुनाव में भी जनता उन्हें नकार देगी। यही कारण है कि अब वह राम नाम के विरोध में उतर   आई हैं।

भट्ट ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जिसने भी भगवान राम के नाम का विरोध किया, वह नेस्तनाबूद हुआ है। दीदी भी राम नाम का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस और दीदी की विदाई तय है। पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है और यह वहां की जनता तय कर लिया है।


comments