बांग्लादेश की अभिनेत्री अंजू भाजपा में शामिल

By: Dilip Kumar
6/6/2019 7:51:08 PM
नई दिल्ली

बांग्लादेश में जन्मी मशहूर अभिनेत्री अंजू घोष (53 साल) बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। तृणमूल कांग्रेस ने अंजू की नागरिकता पर सवाल उठाए हैं। हालांकि उनके पास पिछले साल जुलाई से भारत का पासपोर्ट और 2002 से वोटर लिस्ट में नाम है। वे इस बार लोकसभा चुनाव में वोट भी डाल चुकी हैं।

बांग्लादेशी अभिनेत्री के भाजपा में शामिल होने पर विपक्ष हमलावर है। तृणमूल नेता दीप्तांशु चौधरी ने तंज कसते हुए ट्वीट किया, ''भाजपा जल्द ही भारतीय जनता से बांग्लादेशी जनता पार्टी हो जाएगी। दिलीप घोष जी बांग्लादेशी अभिनेत्री को पार्टी में शामिल करना आपका सही फैसला है। भाजपा सही मायनों में राष्ट्रवादी है।''

विपक्षी दलों का कहना है कि अंजू घोष की राष्ट्रीयता के दावे पर स्पष्ट जानकारी नहीं है तो कैसे राष्ट्रीय पार्टी ने उन्हें अपना सदस्य बना लिया। इससे पहले लोकसभा चुनाव में दो बांग्लादेशी कलाकार ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का प्रचार करने आए थे, लेकिन भाजपा की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने उन्हें देश छोड़ने का आदेश दिया था।

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंजू से राष्ट्रीयता से जुड़े सवालों पूछे गए। लेकिन उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह ने उनके दस्तावेजों को बारीकी से परखा है, इसके बाद ही अंजू को भाजपा में शामिल करने के लिए हरी झंडी दी गई।

अंजू घोष 30 साल पहले आई बांग्लादेश की सबसे बड़ी हिट फिल्म 'बेदेर मेय जोसना' की हीरोइन थीं। यह फिल्म 9 जून 1989 को रिलीज हुई थी। इसके दो साल बाद पश्चिम बंगाल में फिल्म का रीमेक बना और यह फिर से मेगा हिट साबित हुई थी।

 


comments