संघ का वीटो : राजनाथ सिंह को मिली कैबिनेट समितियों में तरजीह

By: Dilip Kumar
6/7/2019 3:36:26 PM
नई दिल्ली

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का साथ मिला और इसी के साथ कैबिनेट की समितियों में उनका रुतबा एक बार फिर कायम हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए मंत्रिमंडल में उन्हें पिछले बार के मुकाबले एक पायदान नीचे का मंत्रालय दिया गया। इसके बाद कैबिनेट की आठ महत्वपूर्ण समितियों में से केवल दो में उनको शामिल किया गया। यह खबर आग की रफ्तार से फैली। चारों ओर यह चर्चा होने लगी कि राजनाथ का कद कम किया गया है। यही वजह है कि उन्हें केवल दो समितियों में रखा गया है।

गुरुवार सुबह तक केवल दो समितियों में शामिल किए गए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का नाम शाम तक छह समितियों में जोड़ा जा चुका था। माना जा रहा है कि यह संघ के प्रभाव का असर है। भाजपा के एक सूत्र के मुताबिक, अमित शाह के केंद्र सरकार में गृहमंत्री बनने से सरकार पर पूरी तरह नरेंद्र मोदी और शाह का दबदबा कायम हो चुका है। वे अभी पार्टी के अध्यक्ष भी बने हुए हैं।

केंद्रीय कैबिनेट की सबसे महत्त्वपूर्ण ‘अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट’ में भी केवल इन्हीं दो नेताओं का नाम होने से यह भी तय हो गया कि आने वाले समय में देश के सर्वोच्च पदों पर होने वाली नियुक्तियों के मामले में भी इन्हीं का फैसला अंतिम होगा। ऐसे में सरकार से लेकर प्रशासनिक मशीनरी तक सबकुछ इन्हीं दोनों नेताओं के इर्द-गिर्द सिमटा रहता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कोई विश्वासपात्र माना जाने वाला कोई भी नेता (नितिन गडकरी या राजनाथ सिंह) इसमें शामिल नहीं है।

माना जा रहा है कि इन्हीं परिस्थितियों में राजनाथ सिंह का कद कम किये जाने से संघ की तरफ से तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। इसका असर भी देर शाम तक नजर आया और उन्हें दो की बजाय छह कमेटियों में शामिल कर लिया गया। हालांकि, इस दबाव के बाद भी उन्हें सबसे महत्त्वपूर्ण मानी जाने वाली अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट में जगह नहीं मिली है, जो इस बात का संकेत है कि मोदी और अमित शाह अपने काम करने के तरीकों में किसी तरह का हस्तक्षेप स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।


comments