बंगाल: भाटपारा में तनाव कायम, धारा 144 लागू, 16 गिरफ्तार

By: Dilip Kumar
6/21/2019 6:16:14 PM
नई दिल्ली

पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना स्थित भाटपारा में दो समूहों के बीच हुई झड़प के एक दिन बाद शुक्रवार को भी हालात तनापूर्ण बने हुए हैं। इलाके में निषेधाज्ञा लागू है और भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि झड़पों के संबंध में 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस और भाजपा से जुड़े बताए जा रहे दो समूहों के बीच बृहस्पतिवार को झड़प में दो लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने चिंता जताते हुए कहा, "न केवल भाटपारा बल्कि पूरे राज्य में शांति बनाये रखने की आवश्यकता है।" भाटपारा और जगद्दल क्षेत्रों में दुकानें और बाजार बंद रहे। इंटरनेट सेवाओं पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। इलाके के भीतर और उसके आसपास धारा 144 लागू है।

हालांकि बृहस्पतिवार रात को किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली। कई लोगों ने आज सुबह कांकीनारा बाजार के निकट "बम धमाके की आवाज" सुनाई देने की बात कही। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। भाजपा ने राज्य प्रशासन पर "तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं" की तरह काम करने का आरोप लगाया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने भाटपारा आगजनी घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की। राज्य सरकार के सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना में शामिल लोगों के खिलाफ "उनकी राजनीतिक पहचान का ख्याल किये बिना" सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।


comments