दिल्ली में 8वीं क्लास तक के छात्रों की छुट्टियां बढ़ीं, 8 को खुलेंगे स्कूल

By: Dilip Kumar
6/30/2019 7:27:12 PM
नई दिल्ली

दिल्ली में गर्म मौसम को देखते हुए स्कूलों में 8वीं क्लास तक के लिए गर्मी की छुट्टियों को एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। 8वीं तक बच्चों के स्कूल अब 8 जुलाई से खुलेंगे। बाकी क्लास के लिए स्कूल अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खुलेंगे। इसकी जानकारी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने ट्विटर पर दी है। दिल्ली सरकार ने ये फैसला राजधानी में पड़ रही तेज गर्मी की वजह से लिया है। गर्मी की वजह से लोगों का यहां पर हाल बेहाल है। हालांकि रविवार को मौसम में बदलाव की वजह से लोगों को जरुर गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

दिल्ली में एक बार फिर गर्मी ने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार सुबह से शाम तक गर्मी ने दिल्लीवासियों को झुलसाया। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा 42.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 30 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा दिल्ली के अन्य इलाकों में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ।

शनिवार को हवा में नमी का अधिकतम स्तर 55 फीसद और न्यूनतम स्तर 28 फीसद दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली में लू चलने लगी है। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो जाता है तो इसका अर्थ है कि लू चलने की स्थिति बन गई है। रविवार को भी गर्म हवा चलने का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने आशंका जताते हुए कहा कि रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है।


comments