भारी बारिश से अबतक 35 की मौत, अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी

By: Dilip Kumar
7/3/2019 12:07:47 PM
नई दिल्ली

देश की आर्थिक राजधानी भारी बारिश के कारण बेहस हो गई है। मुंबई के कई हिस्सों में जल जमाव के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। 2005 के बाद पहली बार मुंबई में 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश हुई। आज भी कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर 12.35 बजे हाई टाइड के दौरान 4 मीटर से ज्यादा ऊंची लहरे उठने की संभावना जताई गई है। सेंट्रल रेलवे ने डोंबिवली और ठाणे से यात्रियों को ले जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है।

मुंबई में बारिश से 21 की मौत

भारी बारिश से प्रभावीत लोगों को निकालने के लिए नौसेना ने मोर्चा संभाला हुआ है। अकेले मुंबई में बारिश की वजह से 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पूरे महाराष्ट्र में कुल 35 लोग भारी बारिश का शिकार बन चुके हैं। लगातार हो रही वर्षा के कारण रेल, हवाई सेवा एवं सड़क परिवहन पर पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। कई ट्रेनों और उड़ानों को रद कर दिया गया।

रत्नागिरी में टूटा तिवरे डैम

भारी बारिश से रत्नागिरी में तिवरे डैम टूट गया जिससे नजदीक बसे करीब सात गांवों में बाढ़ आ गई है। हादसे में 23 लोग लापता बताए जाते हैं। अब तक 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। बताया जाता है कि भारी बारिश के चलते बांध में जलस्तर बहुत बढ़ गया था, जिसकी वजह से यह बांध देर रात अचानक टूट गया।

2005 के बाद सबसे अधिक बारिश

बता दें कि सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि मुंबईवासियों ने तीन घंटे में ही करीब 400 मिलीमीटर बरसात का सामना किया। यदि 26 जुलाई, 2005 की बाढ़ का दिन छोड़ दिया जाय तो 1974 के बाद यह दूसरा मौका है, जब कुछ ही घंटों के भीतर मुंबई में इतनी अधिक बरसात हुई है। मंगलवार दोपहर तक 48 घंटों के दौरान मुंबई में 550 मिलीमीटर बरसात हुई है। 26-27 जुलाई 2005 को मुंबई में एक दिन में सबसे ज्यादा 944 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

 


comments